JSCA की वार्षिक आम सभा पर संकट के बादल मंडराए, ऑडिट रिपोर्ट को लेकर JSCA अध्यक्ष संजय सहाय व सचिव पिंटू दा आमने-सामने

JSCA में 8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को आजीवन सदस्यता दिए जाने का रास्ता साफ, जांचोपरांत विशेष समिति ने दी हरी झंडी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट को लेकर अध्यक्ष संजय सहाय और सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा के बीच ठन गई है। ऑडिट प्रक्रिया के दौरान स्वयं की उपेक्षा से नाराज अध्यक्ष ने ऑडिट रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया है। अध्यक्ष ने सचिव को निर्देशित किया है कि ऑडिट रिपोर्ट से जुड़े समस्त बिल व वाउचर उनके (अध्यक्ष) समक्ष पेश किए जाएं। अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि जांचोपरांत पूर्ण रूप से संतुष्ट होने के बाद ही ऑडिट रिपोर्ट पर उनके हस्ताक्षर होंगे। इस बाबत जब अध्यक्ष संजय सहाय से sportsjharkhand.com ने पूछा तो मामले को टालते हुए उन्होंने अधूरा ऑडिट रिपोर्ट होने की बात कही और आशा व्यक्त की कि दो तीन दिन में सब कुछ ठीक हो जाएगा।  पता हो कि ऑडिट रिपोर्ट पर अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और ऑडिट करनेवाले चार्टड अकाउंटेंट का हस्ताक्षर अनिवार्य होता है। अध्यक्ष के ऑडिट रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर 24 या 25 अगस्त को AGM होने की संभावना पूर्णतः समाप्त हो गई है।

 

31 अगस्त तक AGM कराने की बाध्यता है

कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के समक्ष नियमों के अनुसार 31 अगस्त तक AGM कराने की विवशता है। ऐसे में अगर आनेवाले दो चार दिनों में जांचोपरांत अध्यक्ष संतुष्ट होकर ऑडिट रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कर देते हैं तो 31 अगस्त को AGM का आयोजन हो सकता है। क्योंकि JSCA का AGM/SGM शनिवार/रविवार या छुट्टियों के दिनों में कराने की परंपरा रही है। 22 अगस्त तक अगर ऑडिट रिपोर्ट पर अध्यक्ष के हस्ताक्षर नहीं हुए तो JSCA के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न हो जाएगी, क्योंकि AGM के लिए ऑडिट रिपोर्ट के साथ 9 दिन पहले आम सदस्यों को सूचना देने की अनिवार्यता है। 

 

क्या कहते हैं JSCA के अध्यक्ष व सचिव

 

“ऑडिट रिपोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है, संभावना है कि अगले दो तीन दिनों में तैयार हो जाए। इसके बाद कमिटी ऑफ मैनेजमेंट AGM पर निर्णय लेगी”

संजय सहाय, अध्यक्ष, JSCA

——————————————————–

सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा ने फोन नहीं उठाया, इसलिए उनका पक्ष नहीं मिल पाया।