संभावित रणजी खिलाड़ियों की सूची को लेकर JSCA अध्यक्ष और संयुक्त सचिव में हुई तू.. तू.. मैं.. मैं, पीएन सिंह ने संजय सहाय को चुनाव में फरिया लेने की दे डाली चुनौती

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पदाधिकारियों के निजी हितों का टकराव अब झगड़े की शक्ल में सामने आ रहा है। बुधवार दोपहर बाद आगामी सत्र में खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची को लेकर JSCA अध्यक्ष संजय सहाय और संयुक्त सचिव पीएन सिंह के बीच तू.. तू.. मैं..मैं.. हो गई। आगामी क्रिकेट सत्र में सीनियर टीम के चयन के लिए JSCA ने 56 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया। जिनका प्रशिक्षण शिविर सह प्रैक्टिस मैच बुधवार से JSCA स्टेडियम में चालू हो गया। सूत्र बता रहे इन 56 खिलाड़ियों में अध्यक्ष संजय सहाय की विशेष कृपा से 4 ऐसे खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है जिन्हें जिला संघ ने अपनी टीम में चयन के लायक भी नहीं समझा। इसके बाद बोकारो जिला क्रिकेट संघ के दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुटे JSCA के संयुक्त सचिव अपने एक खिलाड़ी की पैरवी लेकर पहुंचे और इसके बाद जमकर तू.. तू.. मैं..मैं.. हो गई। एक दूूसरे को देख लेने की धमकी भी दी गई। संयुक्त सचिव ने अध्यक्ष को भ्रम से बाहर आकर चुनाव में फरिया लेने की चुनौती भी दे डाली। इस दौरान JSCA के कुछ सदस्य भी मौजूद थे जिन्होंने बीच बचाव का असफल प्रयास किया। अमिताभ चौधरी के निधन के बाद JSCA चार पांच गुटों में बंट गया है और प्रत्येक गुट अन्य गुट के खिलाफ साजिश रचने में अपनी ऊर्जा खपा रहा है। कई बार तो मारपीट तक की नौबत आ चुकी है।
BDCA पर कार्रवाई के बाद से दोनों के संबंधों में आई है खटास
पैसे लेकर टीम में जगह दिलाने के आरोप के बाद बोकारो जिला क्रिकेट संघ (BDCA) की निर्वाचित कमिटी को भंग करने के बाद से JSCA के अध्यक्ष संजय सहाय और संयुक्त सचिव पीएन सिंह के संबंधों में नई खटास पैदा हो गई है। दरअसल पर्दे के पीछे से BDCA का संचालन पीएन सिंह ही करते थे। इसलिए पीएन सिंह संजय सहाय से पहले से ही नाराज थे।