JSCA में 8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को आजीवन सदस्यता दिए जाने का रास्ता साफ, जांचोपरांत विशेष समिति ने दी हरी झंडी

JSCA में 8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को आजीवन सदस्यता दिए जाने का रास्ता साफ, जांचोपरांत विशेष समिति ने दी हरी झंडी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की आजीवन सदस्यता को विशेष समिति ने हरी झंडी दिखा दी है। JSCA की आम सभा द्वारा गठित विशेष कमिटी ने 26 अप्रैल को समिति के संयोजक सह JSCA अध्यक्ष संजय सहाय की अध्यक्षता में इससे जुड़ा निर्णय सर्वसम्मति से लिया। विशेष समिति ने उपलब्ध दस्तावेजों के क्रॉस वेरिफिकेशन के बाद सभी 29 लोगों की आजीवन सदस्यता पर मुहर लगाई और JSCA को अग्रतर कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट को प्रेषित किया। पूरी संभावना है कि विशेष समिति की रिपोर्ट/फाइंडिंग्स पर JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट फैसला लेते हुए आगामी वार्षिक आम सभा (AGM) में इसे आम सदस्यों के बीच रखे। बैठक के दौरान संयोजक के अलावा कमिटी के सदस्य सह पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर, पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, वर्तमान उपाध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिन्हा और CCC के वर्तमान उपाध्यक्ष संजय पांडे मौजूद रहे। बैठक के दौरान एक सदस्य सह JSCA के कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य बिनय सिंह अनुपस्थित रहे।

 

इनकी सदस्यता को मिली हरी झंडी

कविता राय, सन्नी गुप्ता, आशीष कुमार, अजय यादव, अरुण विद्यार्थी, राहुल मिश्रा, मोनू सिंह, आशा दास, परमवीर सिंह, सुकन्या सेन, अनिल सिंघानिया, अरविंद श्रीवास्तव, देव हस्सा, सूरज कुमार, प्रवीण टोप्पो, साकेत कुमार सिंह, सुरेंद्र झा, शंभू शेखर, डॉक्टर रमेश पांडे, दिनेश सिंह, अमित दुबे, कर्नल संजय नाथ शहदेव, आनंद श्रीवास्तव, रियाज अहमद खान, सुमित दास, विजय अग्रवाल, योगेश कुमार सिंह व अन्य दो.

 

सुकन्या सेन ने JSCA को पत्र लिखकर मेंबरशिप नहीं लेने की इच्छा जताई

जानकारी मिली है कि गढ़वा AGM में सदस्यता विवाद के बाद पूर्व कोषाध्यक्ष पार्थ सारथी सेन की पुत्री सुकन्या सेन से JSCA प्रबंधन को पत्र लिखकर बता दिया है कि वो सदस्यता लेने को इच्छुक नहीं हैं इसलिए उनके नाम पर विचार ना किया जाए। विशेष समिति के निर्णय के बाद देखना होगा कि इस मसले पर आखिर रूप से क्या निर्णय होता है।

 

अप्रैल 2022 में ही कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने 29 लोगों की सदस्यता पर लगाई थी मुहर

1 मई 2022 को JSCA स्टेडियम में आयोजित होनेवाली AGM से पहले ही तत्कालीन अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर की अध्यक्षता में कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने 29 लोगों को आजीवन सदस्यता देने पर मुहर लगा दी थी। बैठक के मिनट्स में दर्ज नामों का मिलान किया गया और विशेष समिति ने सभी 29 सदस्यों को आजीवन सदस्यता दिए जाने पर हरी झंडी दिखा दी।

 

26 अगस्त 2023 को AGM में हंगामे के बाद बनी थी 7 सदस्यीय विशेष समिति

गढ़वा में 26 अगस्त 2023 को हुई AGM के दौरान 29 नए सदस्यों को लेकर आम सभा में आपत्तियां आईं। काफी हंगामे के बाद सर्वसम्मति से इस मसले की जांच और निपटारे के लिए 7 सदस्यीय विशेष कमिटी का गठन किया गया था। साथ ही इस कमिटी को नए सदस्य बनाए जाने के संदर्भ में भी अपनी फाइंडिंग्स देने के लिए अधिकृत किया गया था।

 

1 मई 2022 के AGM का वीडियो फुटेज गायब

जांच के दौरान विशेष समिति ने JSCA प्रबंधन से 1 मई 2022 के AGM की वीडियो फुटेज मांगी। काफी मशक्कत के बाद JSCA ने विशेष समिति को बताया कि AGM की फुटेज उपलब्ध नहीं है। फुटेज ट्रेसेबल नहीं है। पता हो कि नए सदस्यता के लिए AGM में जो नाम पढ़े गए थे और अंततः जिन्हें सदस्यता दी गई, उनमें कई असमानताएं थीं। लोहरदगा के सचिव आलोक दा और रांची के क्रिकेट कोच माणिक घोष का नाम पढ़ा गया था लेकिन 29 की सूची से ये दोनों नाम गायब हो गए और कई और नाम जोड़ दिए गए। JSCA जैसी प्रोफेशनल संस्था के पास दो वर्ष पहले के AGM का वीडियो फुटेज गायब होना काफी गंभीर मसला है। sportsjharkhand.com के पास 15 अगस्त 2003 के वीडियो फुटेज हैं। JSCA अपने रिकॉर्ड देख ले अगर ये फुटेज भी गायब होगी तो sportsjharkhand.com JSCA को ये फुटेज उपलब्ध करा देगा। आप सभी को पता हो कि 15 अगस्त 2003 को ही BCA का नाम बदलकर JSCA किया गया था।

 

sportsjharkhand.com की खबर के बाद ही गायब की गई थी वीडियो फुटेज

दरअसल 1 मई 2022 की AGM में राज्य के तत्कालीन दो मंत्रियों जगन्नाथ महतो (अब स्वर्गीय) और हफिजुल हसन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए नवगठित कमिटी को अधिकृत भी किया गया था। जैसे ही ये खबर sportsjharkhand.com ने छापी, JSCA प्रबंधन में खलबली मच गई। इसके बाद अमिताभ चौधरी ने AGM की फुटेज अपने कब्जे में ले ली क्योंकि वो तत्कालीन सरकार से पंगा लेने के मूड में नहीं थे। तभी से वीडियो फुटेज गायब है।