JSCA के पदाधिकारियों के बीच चल रहे शीत युद्ध के कारण 9 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ होनेवाले T20 मुकाबलों के टिकटों की दर अब तक जारी नहीं

बदली हुई परिस्थितियों में 10 अगस्त से पहले SGM और 31 अगस्त तक AGM करने की तैयारी में जुटा JSCA
रांची

टीम sportsjharkhand.com

9 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची के अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में होनेवाले T20 मैच के आयोजन में मात्र 13 दिन शेष बचे हैं लेकिन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) अभी तक टिकटों की दर तय नहीं कर पाया है। दरअसल एक टीम के तौर पर चुनाव लड़ने और जीतने के बावजूद वर्तमान कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) अंदर से तीन फांक हो चुकी है और इसका साफ असर महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णयों में हो रही देरी के तौर पर दिख रहा है।

25 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए ODI मुकाबले से 18 दिन पहले इसी CoM ने टिकटों की दर, रांची और जमशेदपुर में JSCA सदस्यों को मिलने वाले पास, ऑनलाइन टिकटों की बिक्री, आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री आदि के तिथियां भी फाइनल कर दी थीं। वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 मुकाबले को मात्र 13 दिन बचे हैं लेकिन अब तक न तो टिकटों की दर फाइनल हो पाई है और न ही पास व टिकट मिलने की तिथियां। 

 

मतभेद के बाद विवाद गहराया

स्पोर्ट्सझारखंड को जानकारी मिली है कि टिकटों की दर और निःशुल्क/कॉम्प्लीमेंटरी पास को लेकर CoM के जिम्मेवार पदाधिकारियों बीच गहरे मतभेद हैं। टिकटों की दर को लेकर हुई बैठक में कुछ विषयों पर मतभेद गहरा गया और कोई भी निर्णय नहीं हो पाया। JSCA मुख्यालय जमशेदपुर में टिकटों की बिक्री को लेकर भी टकराव की स्थिति बनी हुई थी लेकिन सूत्र बताते हैं कि सोमवार तक टिकटों की दर और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े अंतिम निर्णय ले लिए जाएंगे। 

 

क्या कहते हैं जिम्मेवार

JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव और सचिव सौरभ तिवारी से इस विषय पर पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखने तक उनका पक्ष नहीं मिल पाया है।