JSCA चुनाव : “स्वर्गीय वोटर” कांड के बाद पिछले 7 वर्षों से AGM से गायब रहे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एस के बेहरा का नामांकन जायज

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के चुनाव में दिवंगत हो चुके सदस्य को मतदाता बनाए जाने के बाद अब नियमों के प्रतिकूल जाकर विगत 7 वर्षों से AGM में लगातार अनुपस्थित रहे सदस्य को भी मतदाता बना दिया गया है और अब यह सदस्य अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ रहा है जबकि JSCA के बाई लॉज के क्लॉज 5(a)(iii) के अनुसार
5 a. Membership of the Association shall terminate for any of the following reasons
i….
ii….
iii. By failure to attend even one General Body meeting in five consecutive years.
साफ है कि लगातार 5 वर्षों तक जो सदस्य एक भी जनरल बॉडी मीटिंग में हिस्सा नहीं लेगा, उसकी सदस्यता चली जाएगी।
2017 से लेकर 2023 तक सात वर्षों की वार्षिक रिपोर्ट के 7 AGM और 2 SGM के दौरान उपस्थित रहे सभी सदस्यों की सूची प्रकाशित की जाती रही है और इसमें सभी उपस्थित सदस्यों के नामों (रोल ऑफ अटेंडेंस) का जिक्र रहता है। सभी उपस्थित सदस्यों कि वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती है। अगले AGM में इसकी संपुष्टि भी की जाती है। किसी भी AGM में रोल ऑफ अटेंडेंस में किसी तरह के सुधार का प्रस्ताव नहीं आया और ना ही मिनट्स में दर्ज है। ज्ञात हो कि प्रति वर्ष वार्षिक रिपोर्ट की एक प्रति राज्य के IG रजिस्ट्रार कार्यालय और BCCI को भी प्रेषित की जाती है। जाहिर है वहां भी पिछले सात वर्षों के वार्षिक रिपोर्ट सहेजकर रखी गई होगी।
फिर उपरोक्त नियम की अवहेलना करते हुए एक लब्धप्रतिष्ठित सफल उद्योगपति एस के बेहरा को इस चुनावी कीचड़ का हिस्सा किसने और क्यों बनाया ? या एस के बेहरा सब कुछ जानते हुए भी इस कीचड़ में डुबकी लगाने को तैयार थे/हैं ?
इन 7 AGM और 2 SGM से अनुपस्थित रहे एस के बेहरा
20 अगस्त 2017 को गुमला में हुआ AGM
29 जुलाई 2018 को लातेहार में हुआ AGM
31 अक्टूबर 2019 को जमशेदपुर में हुआ AGM
30 अगस्त 2020 को ZOOM ऐप पर हुआ AGM
1 अगस्त 2021 को रांची में हुआ AGM
1 मई 2022 को रांची में हुआ AGM और
26 अगस्त 2023 को गढ़वा में हुआ AGM
इसके अलावा इन दो SGM में भी रहे अनुपस्थित
23 सितंबर 2018 को रांची में हुआ SGM और
23 दिसंबर 2019 को बोकारो में हुआ SGM
स्क्रूटनी के दौरान खूब हुआ ड्रामा, 18 मई के बाद मामला न्यायालय की चौखट पर जाना लगभग तय
नामांकन के आखिरी दिन अजय नाथ शाहदेव गुट के चार, अखिलेश झा गुट के 15 और अखिलेश झा गुट से बागी होकर देवाशीष चक्रवर्ती ने सचिव पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। स्क्रूटनी के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एस के बेहरा और संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी शाहबाज नदीम के नामांकन पर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई। एस के बेहरा के संदर्भ में आपत्ति दर्ज की गई की ये पिछले सात AGM में से किसी भी बैठक का हिस्सा नहीं रहे इसलिए नामांकन रद्द किया जाए। प्रमाण के तौर पर पिछले सात वर्षों के वार्षिक रिपोर्ट की कॉपी भी समर्पित की गई। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शाहबाज नदीम के संदर्भ में शिकायत की गई कि वे सरकारी कर्मी हैं, इसलिए चुनाव लड़ने के अयोग्य हैं। दोनों मामलों की सुनवाई के बाद रिटर्निंग अफसर ने JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) को एस के बेहरा मामले में अपना स्टैंड क्लियर करने का आदेश दिया और नदीम के संदर्भ में फैसला एक घंटे बाद सुनाने का निर्णय लिया। एक घंटे बाद सभी पक्षों को इकट्ठा कर रिटर्निंग अफसर ने उक्त दोनों प्रत्याशियों का नामांकन स्वीकृत करने का आदेश सुनाया। इस तरह एक नए विवाद का जन्म हो गया और अब ये लगभग तय हो गया है कि 18 मई को चुनाव परिणाम कुछ भी आए, 19 मई से अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी शुरू हो जाएगी।
अखिलेश झा गुट के इन प्रत्याशियों ने किया नामांकन
अध्यक्ष : एस के बेहरा
उपाध्यक्ष : नंदू पटेल
सचिव : एस बी सिंह
कोषाध्यक्ष : सौम्या सेन
संयुक्त सचिव : राजकुमार शर्मा
जिला संघ के प्रतिनिधि : आलोक राय, प्रवीर कुमार सिंह, अरुण राय और दिनेश कुमार सिंह
कमिटी मेंबर
मो उज्जैर, श्रवण जाजोदिया, गोपाल कृष्ण सहाय, गुरवरी हेंब्रम और नवल किशोर उपाध्याय
स्कूल क्लब के प्रतिनिधि
शुभम कुमार
द टीम की ओर से नामांकन करनेवाले प्रत्याशी
संयुक्त सचिव : आरफी
जिला संघ के प्रतिनिधि : शैलेन्द्र कुमार, राघवेंद्र नारायण सिंह और उत्तम कुमार विश्वास
निर्गुट
सचिव : देवाशीष चक्रवर्ती
बुधवार को नाम वापसी के बाद आखिरी तस्वीर साफ होगी क्योंकि 15 पदों के लिए कुल 33 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जानकारी मिली है कि द टीम के दो प्रत्याशी बुधवार को अपना नाम वापस लेंगे।