JOA चुनाव में BJP के प्रतुल नाथ शाहदेव OUT, कांग्रेस के सुखैर भगत IN, चुनावी चौसर के एकमात्र आदिवासी खेल प्रशासक

JOA चुनाव में 21 से 23 मार्च तक नामांकन, ईमेल पर भी नामांकन की सुविधा

 

खरबूजे को देखकर खरबूजा रंग बदलता है कि कहावत को आत्मसात करते हुए झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राज्य में सरकार बदलने का असर भी इस चुनाव में साफ-साफ परिलक्षित हो रहा है। JOA की 2017-21 की कमिटी में वरीय उपाध्यक्ष पद पर आसीन BJP के प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है जबकि लोहरदगा जिला कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रहे सुखैर भगत को एग्जीक्यूटिव सदस्य के तौर पर जगह दी गई है। अब बताने की ज़रुरत नहीं की ऐसा क्यों हुआ है।

JOA के चुनाव में जिन 40 पदाधिकारियों ने नामांकन किया है उनमें सुखैर भगत एकमात्र आदिवासी हैं। सुखैर ने सबसे निचले पद एग्जीक्यूटिव सदस्य के रूप में नामांकन पत्र भरा है। बुधवार की दोपहर नामांकन पत्रों की जांच के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

 


 

IOA का आदिवासी चेहरा सावित्री पूर्ति व जॉर्ज लकड़ा बाहर किये गए

 

2017-21 की कमिटी में संयुक्त सचिव रहीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति व जॉर्ज लकड़ा को इस बार बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। जॉर्ज लकड़ा तो आइस हॉकी की ओर से आम सभा की बैठक का हिस्सा भी बन जाएंगे लेकिन सावित्री पूर्ति को ये सौभाग्य भी प्राप्त नहीं हो पाएगा। पूर्व में भी कई आदिवासी पदाधिकारी निपटाए जा चुके हैं। पूरी संभावना है कि खबर प्रकाशन के बाद कुछ निर्वाचन के लिए
‘अयोग्य’ पाए गए आदिवासी खेल प्रशासकों को नामांकित पदों पर बैठाया जाए। हाथी के दिखानेवाले दांत की तरह !

आदिवासी मानुष हाय तेरी यही कहानी
हाथों में कुदाल-हंसुआ और कांधे पर धानी !

 


 

3 पदाधिकारियों को प्रोमोशन, 2 का डिमोशन, 20 यथावत, 2 की पुनर्वापसी, 12 नए पदाधिकारी, 12 की छुट्टी

 

प्रोमोशन पानेवालों में केके सिंह (सहायक सचिव से वरीय उपाध्यक्ष), हेजाज़ असदक (एग्जेक्युटिव सदस्य से संयुक्त सचिव), रणवीर सिंह (एग्जेक्युटिव सदस्य से संयुक्त सचिव)

डिमोशन पाने वाले पदाधिकारियों में मधुकांत पाठक (वरीय उपाध्यक्ष से महासचिव, पिछली बार महासचिव के इस्तीफे के बाद महासचिव बनाये गए थे) व सिकंदर महतो (संयुक्त सचिव से एग्जेक्युटिव सदस्य)

पुनर्वापसी करनेवालों में संजय कुमार शर्मा (गंभीर आपराधिक मुकदमों की वजह से पिछली बार बाहर किए गए थे) व भोलानाथ सिंह (संघ विरोधी कार्य के लिए 2009-10 में JOA से आजीवन बर्खास्तगी के बाद से बाहर थे)

12 नए पदाधिकारियों में अर्चित आनंद (उपाध्यक्ष), जसविंदर मजूमदार (उपाध्यक्ष), पूर्णिमा महतो (सहायक सचिव), मनीष कुमार (संयुक्त सचिव) व रजनीश कुमार सिंह (संयुक्त सचिव) शामिल हैं।

अजय नायक, ब्रजेश सिंह, चंद्रेश्वर दास, गोविंद झा, रंजीत केशरी, रितेश रंजन झा और सुखैर भगत (सातों एग्जीक्यूटिव सदस्य) नई एंट्री हैं।

 

12 जिनकी छुट्टी हुई

प्रतुल नाथ शाहदेव (वरीय उपाध्यक्ष), बिजय कुमार पूरी (उपाध्यक्ष) , विशाल कुमार शर्मा (पिछली कमिटी में महासचिव पद से इस्तीफा दिया था ), जी नारायण (सहायक सचिव), सावित्री पूर्ति (संयुक्त सचिव), जॉर्ज लकड़ा (संयुक्त सचिव), नितेश नाथ शाहदेव (संयुक्त सचिव), उदय साहु (एग्जीक्यूटिव सदस्य), शैलेन्द्र दुबे (एग्जीक्यूटिव सदस्य), निशिकांत पाठक (एग्जीक्यूटिव सदस्य), रोहित सिंह (एग्जीक्यूटिव सदस्य) व दशरथ महतो (एग्जीक्यूटिव सदस्य) को बाहर का रास्ता दिखाया गया। इनके अलावा अब्दुल राशीद खान (उपाध्यक्ष) दिवंगत हो गए थे।

20 पदाधिकारी जो यथावत रहे
आरके आनंद (अध्यक्ष), अनिल जायसवाल, बीएन मिश्रा, गुलाम रब्बानी व हरभजन सिंह (चारों वरीय उपाध्यक्ष), बीके मिश्रा, के प्रभाकर राव, राजीव रंजन मिश्रा, शिव कुमार पांडेय, सुरेश कुमार व उत्तम चंद (छहों उपाध्यक्ष), बरुण कुमार, बिपिन सिंह, सीडी सिंह व शैलेंद्र पाठक (चारों सहायक सचिव), आशीष कुमार झा, फ़िरोज़ खान, राजेन्द्र प्रसाद व संजेश मोहन ठाकुर (चारों संयुक्त सचिव) तथा आलोक कुमार मिश्रा (एग्जीक्यूटिव सदस्य)

 


सर्वसम्मति के बावजूद एग्जीक्यूटिव सदस्य का एक पद खाली

JOA चुनाव में सर्वसम्मति बनाने के सफल प्रयास में एक कमी रह गयी। लेटलतीफी के कारण एथलेटिक्स से जुड़े जिला ओलंपिक संघ का एक पदाधिकारी एग्जीक्यूटिव सदस्य का नामांकन पत्र नहीं भर पाया। इस कारण एग्जीक्यूटिव सदस्य के 10 पदों के लिए मात्र 9 नामांकन हुए और एक पद खाली रह गया।

 

वॉलीबॉल, कराटे, याचिंग, कयाकिंग-कैनोइंग, आइस स्केटिंग व नेटबॉल का प्रतिनिधित्व शून्य

नामांकन के बाद जो सूची सामने आई है, उसमे छह राज्य खेल संघों के नामांकित सदस्यों को जगह नहीं मिल पाई है। जिन खेल संघों के हाथ बाबा जी का ठुल्लू आया है उसमें वॉलीबॉल, कराटे, याचिंग, कयाकिंग-कैनोइंग, आइस स्केटिंग व नेटबॉल राज्य संघ शामिल हैं। राज्य खो-खो संघ और राज्य तैराकी संघ JOA के चुनाव का हिस्सा नहीं बने हैं।