JOA ने सरकार से मांगी 10 एकड़ जमीन, राज्य खेल संघों का वार्षिक सदस्यता शुल्क 1000 से बढ़कर 5000, कई राज्य संघ नाराज

| रांची |
झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन (JOA) की वार्षिक आम सभा (AGM) में रूटीन काम के अलावा सरकार से खेलों के संसाधन बनाने के लिए 10 एकड़ जमीन की मांग करने का निर्णय लिया गया है। जो संस्था पिछले 22 वर्षों से हरमू के LIG फ्लैट के निबंधित/गैर निबंधित पते से चल रही हो (शुरुआत के तीन वर्ष बरियातू के पते पर चली थी) 25 वर्ष बाद दिव्य दृष्टि के लिए बधाई की पात्र है। 25 वर्षों के बाद JOA के कर्णधार जागे हैं और अब CSR फंड लेने के लिए जरूरी पहल किए जाने का भी निर्णय हुआ। AGM के दौरान चुनावी औपचारिकता भी पूरी कर ली गई। दशकों से पदों पर कायम ज्यादातर पदाधिकारी फिर से निर्वाचित हो गए।
नियमों से परे जाकर मेंबरशिप फी बढ़ाई गई, कई राज्य खेल संघ नाराज
AGM का एजेंडा जारी होने और नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे ने JOA के व्हाट्सएप ग्रुप पर सदस्यता शुल्क 1000 से 5000 हजार रुपए करने का सुझाव दिया था। इसके बाद आज के AGM में चेयर के परमिशन से ये प्रस्ताव लाया गया और पास करा लिया गया। जबकि नियमतः ये JOA के संविधान संशोधन से जुड़ा मामला था और निबंधित MoA में इसकी एक तय प्रक्रिया दी हुई है। उस प्रक्रिया के तहत ना तो संशोधन का नोटिस था नहीं किसी अन्य प्रक्रिया का पालन किया गया। इस प्रस्ताव से कई खेल संघ नाराज दिखे। प्रस्ताव के समर्थन के दौरान जितने हाथ उठे, उससे ज्यादा हाथों की मुट्ठियां भींची हुई थीं।
स्पोर्ट्स बिल के डर से CEO और COO बनाने का हुआ निर्णय
केंद्र सरकार के प्रस्तावित स्पोर्ट्स बिल की जद में आनेवाले पदाधिकारी JOA में बने रहने के विकल्प पर काम करना शुरू कर चुके हैं। इसी के निमित्त JOA में Chief Executive Officer और Chief Operating Officer बनाए जाने पर सैद्धांतिक सहमति भी ले ली गई।
JOA शूटिंग क्लब जल्द शुरू होगा
JOA अध्यक्ष आरके आनंद ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जैसे झारखंड तीरंदाजी में नंबर 1 है वैसे ही शूटिंग में भी नंबर 1 बनने की प्रबल संभावना है। इसी को लेकर JOA ने अपना शूटिंग क्लब शुरू किया है। अब यहां से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पैदा होंगे। लेकिन सवाल उठता है कि जब JOA शूटिंग क्लब चलाएगा तो राज्य राइफल संघ क्या करेगा ? जानकारी मिली है कि झारखंड राज्य राइफल संघ की मान्यता तभी बहाल की गई जब राइफल संघ ने JOA के राइफल क्लब को मान्यता दे दी। पता हो कि डेढ़ साल पहले राइफल क्लब की मान्यता नहीं दिए जाने के बाद झारखंड राज्य राइफल संघ की मान्यता JOA ने समाप्त कर दी थी।