खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए झारखंड राज्य युवा आयोग ने की पहल, आर्थिक सुरक्षा व बीमा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव विभागीय स्वीकृति के लिए भेजा

खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए झारखंड राज्य युवा आयोग ने की पहल, आर्थिक सुरक्षा व बीमा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव विभागीय स्वीकृति के लिए भेजा
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड राज्य युवा आयोग खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए सामने आया है। खेल प्रशिक्षक प्रतिमा बरवा के आकस्मिक निधन और उत्पन्न परिस्थितियों के आलोक में झारखंड राज्य युवा आयोग ने 4 जून को अध्यक्ष कुमार गौरव की अध्यक्षता में प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के हितों में चार महत्वपूर्ण फैसले लिए जिसमें स्व प्रतिमा बरवा के आश्रितों को मुआवजा देने, प्रशिक्षकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने हेतु ESI और EPF काटने, खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को स्वास्थ्य व जीवन बीमा के जरिए सुरक्षा प्रदान करने और प्रशिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमावली बनाए जाने का निर्णय शामिल है। फैसले के बाद सभी प्रस्ताव विभागीय स्वीकृति के लिए भेज दिए हैं।

सिमडेगा में संपन्न बैठक के दौरान झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव के अलावा सदस्य विशाल तिर्की व सुनील टुडू तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और सदस्य सचिव वेद रत्न मोहन शामिल थे। बैठक में सर्वप्रथम युवा हॉकी प्रशिक्षक प्रतिमा बरवा के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि दी गई।

 

खेल और खिलाड़ियों से जुड़े निम्नलिखित प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया

एजेंडा नंबर 1 के तहत

(क) स्वर्गीय प्रतिमा बरवा के आश्रितों को समुचित मुआवजा भुगतान का निर्णय

(ख) राज्य के सभी खेल प्रशिक्षकों का ESI एवं EPF की कटौती का नियमानुसार संरक्षण प्रदान किए जाने का निर्णय

(ग) राज्य के सभी खेल प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों के स्वास्थ्य बीमा एवं जीवन बीमा के लिए नीति निर्धारण किया जाने का निर्णय

(घ) राज्य के खेल प्रशिक्षकों की स्थापना संबंधी (नियुक्ति, प्रोन्नति, वेतन/मानदेय निर्धारण, स्थानांतरण, बीमा, ESI एवं EPF आदि) नियमावली का गठन किए जाने के संदर्भ में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

 

“झारखंड राज्य युवा आयोग खेल के प्रति समर्पित युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए दृढ़संकल्पित और प्रयासरत है”

कुमार गौरव, अध्यक्ष
झारखंड राज्य युवा आयोग

 

ओलंपियन सलीमा टेटे का पैतृक गांव बड़की छापर बनेगा आदर्श गांव 

बैठक में एजेंडा नंबर 8 के तहत यह भी निर्णय लिया गया कि ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के पैतृक गांव बड़की छापर, पितरा, सिमडेगा को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाए।

 

एस एस उच्च विद्यालय स्थित हॉकी और फुटबॉल प्रशिक्षुओं के लिए दो छात्रावास निर्माण का प्रस्ताव

एस एस उच्च विद्यालय स्थित हॉकी और फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं के लिए दो नए छात्रावास के निर्माण, रात्रि अभ्यास के लिए हाई मास्ट रौशनी और एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में जलापूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्णय लिया गया। उपरोक्त निर्णय एजेंडा नंबर 10 के आलोक में लिए गए।