झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को लगा खेल आयोजन का चस्का, 8 से 12 साल के विद्यार्थियों के लिए प्रथम लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन जून-जुलाई में कराने की तैयारी

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को लगा खेल आयोजन का चस्का, 8 से 12 साल के विद्यार्थियों के लिए प्रथम लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन जून-जुलाई में कराने की तैयारी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) अब खेल आयोजन की लाइलाज बीमारी से ग्रसित सा हो गया है। चार वर्ष पहले खेलो झारखंड नामक प्रतियोगिता से इस रोग की शुरुआत हुई थी जो क्रमशः SGFI, सुब्रतो कप और नेहरू कप से होते हुए अब प्रथम लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन तक फैलती हुई नजर आ रही है। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन द्वारा जारी 6 जून के पत्र के अनुसार 8 से 12 वर्ष तक के विद्यार्थियों बालक एवं बालिका के लिए लगभग 47 लाख रुपए की राशि खर्च कर स्कूल, प्रखंड, जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 14 जून से पहले स्कूल स्तर पर, 20 जून से पहले प्रखंड स्तर पर और 25 जून तक जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित करने की जिम्मेवारी तय कर दी गई है। रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मुख्य स्टेडियम में 2 से 4 जुलाई तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें 24 जिलों की विजेता (बालक एवं बालिका) टीमें हिस्सा लेंगी।

 

8-8 खिलाड़ियों की टीम होगी और छोटे मैदान और गोलपोस्ट पर होगा मैच

पत्र के अनुसार 60 गज गुणा 40 गज के मैदान में खेला जाएगा। गोल पोस्ट की ऊंचाई 6 फीट की होगी और एक टीम में 8 खिलाड़ी मैदान में होंगे जबकि 4 खिलाड़ी बेंच पर रहेंगे। 

 

आयोजन के बहाने दर्जनों शारीरिक शिक्षक स्कूल छोड़कर वर्षों से JEPC में जमे

JEPC मुख्यालय में लगभग दो वर्षों से एक दर्जन से ज्यादा शारीरिक शिक्षक अपने स्कूल को छोड़कर आयोजन के नाम पर जुटे हैं। स्कूल में शिक्षक छात्रों को पढ़ा तो नहीं रहे लेकिन आयोजन में अपना योगदान जरूर दे रहे। कई शारीरिक शिक्षकों को सप्ताह में 3 दिन स्कूल में पढ़ाने और 3 दिन JEPC में रहने का आदेश भी झूठा साबित हो गया।