झारखंड ने MP को 324 रन से हरा लिस्ट A के 50 ओवर मैचों में सबसे ज्यादा रन से जीतने का बनाया विश्व रिकॉर्ड

झारखंड ने MP को 324 रन से हरा लिस्ट A के 50 ओवर मैचों में सबसे ज्यादा रन से जीतने का बनाया विश्व रिकॉर्ड

 

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में कप्तान ईशान की विस्फोटक बल्लेबाज़ी 173 रन (94 गेंद, 11 छक्का, 19 चौका) के बाद तेज़ गेंदबाज़ वरुण एरोन की घातक गेंदबाज़ी (37 पर 6)की बदौलत झारखंड ने मेज़बान मध्यप्रदेश को 324 रन के भारी अंतर से हराया। पहले खेलते हुए झारखंड ने कप्तान ईशान के अलावा अनुकूल रॉय के 39 गेंद पर 72, विराट के 49 गेंद पर 68 और सुमित के 52 रन की बदौलत 50 ओवर में 422 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में MP की पूरी टीम वरुण एरोन की घातक गेंदबाज़ी के सामने 18.4 ओवर में मात्र 98 रन पर सिमट गई। ईशान किशन ने आतिशी बल्लेबाज़ी की और अपना शतक मात्र 74 गेंदों पर पूरा किया। इसके बाद अगले 20 गेंदों में 71 रन बनाकर आउट भी हो गए। 173 रन के निजी स्कोर पर जब ईशान आउट हुए तो टीम का स्कोर 27.4 ओवर में 3 विकेट पर 240 रन था। इसके बाद कीपिंग करते हुए ईशान ने विकेट के पीछे सात कैच भी लपके, जिनमें से पांच वरुण एरोन की गेंद पर लपके।

इस जीत के साथ ही झारखंड ने लिस्ट A के 50 ओवर के मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन से जीतने का विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। इससे पहले ग्लोस्टरशायर ने बकिंघमशायर को 7 मई 2003 को 324 रन के अंतर से हरा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वैसे लिस्ट A मैच में सबसे ज्यादा अंतर से जितने का रिकॉर्ड सॉमरसेट के नाम है जिसने 27 जुलाई 1990 को डेवोन को 346 रन के अंतर से हराकर बनाया था, लेकिन ये मुकाबला 60-60 ओवर का था।


 

भारत के किसी भी लिस्ट A के मैच में जीत का सबसे बड़ा अंतर अब झारखंड के नाम

MP को 324 रन से हराकर झारखंड ने भारत के किसी भी लिस्ट A के मैच में रन के अंतर से सबसे बड़ी जीत अपने नाम कर ली। इससे पहले ये रिकॉर्ड बिहार के नाम था, जिसने 30 सितंबर 2018 को विजय हज़ारे ट्रॉफी के ही एक मुकाबले में सिक्किम को 292 रन के अंतर से हराकर बनाया था।

 

विकेट के पीछे सबसे ज्यादा कैच लपकने के मामले में ईशान ने पार्थिव पटेल व महेश रावत की बराबरी की

विकेट के पीछे 7 कैच लपकने के साथ ही लिस्ट A मुकाबलों में ईशान किशन सर्वाधिक कैच लपकने के मामले में पार्थिव पटेल व महेश रावत की बराबरी पर पहुंच गए हैं। इन दोनों ने भी विकेट के पीछे 7-7 शिकार किये थे। पार्थिव ने 6 कैच व 1 स्टंपिंग तथा महेश ने सात कैच लपके थे। इस मामले में विश्व रेकॉर्ड 8 कैच का है जो चार खिलाड़ियों के नाम पर है।