राजधानी रांची ही नहीं अन्य 12 जिलों में भी JFA अध्यक्ष नज़म अंसारी के निर्देश पर जिला फुटबॉल लीग के लिए आयोजन समिति का गठन

राजधानी रांची ही नहीं अन्य 12 जिलों में भी JFA अध्यक्ष नज़म अंसारी के निर्देश पर जिला फुटबॉल लीग के लिए आयोजन समिति का गठन
रांची
टीम sportsjharkhand.com

झारखंड फुटबॉल संघ (JFA) के अध्यक्ष प्रोफेसर नज़म अंसारी के निर्देश पर रांची समेत 13 जिलों में फुटबॉल लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है। इन 13 जिलों में रांची, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, साहेबगंज, दुमका व पाकुड़ शामिल हैं। इन 13 जिलों में किसी न किसी कारणवश काफी लंबे वक्त से जिला फुटबॉल लीग का आयोजन नहीं हो पा रहा था। लीग आयोजित नहीं होने के कारण जिले व राज्य के प्रतिभावान फुटबॉलरों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे। पता हो कि इन 13 जिलों में से ज्यादातर जिलों में संघ के पदाधिकारियों की आपसी लड़ाई व अकर्मण्यता के कारण लीग का आयोजन बाधित था।

 

रांची व सिमडेगा में लीग शुरू, अन्य 11 जिलों में दुर्गा पूजा के बाद होगा आगाज़

राजधानी रांची और सिमडेगा में नवगठित आयोजन समिति द्वारा जिला लीग का आयोजन शुरू कर दिया गया है। अन्य 11 जिलों में दुर्गा पूजा के तुरंत बाद जिला लीग का आयोजन शुरू हो जाएगा। जिला लीग में वैसी टीमों को ही खेलने की अनुमति दी जाएगी जिन्होंने AIFF के वेबसाइट पर अपना निबंधन (CRS) अनिवार्य रूप से करवा लिया होगा। पता हो कि राज्य भर में लगभग 300 क्लबों ने AIFF के पास अबतक निबंधन करा लिया है।

 

कई जिलों में आयोजन समिति व जिला संघ के बीच शीत युद्ध शुरू

जिला लीग के आयोजन के लिए आयोजन समिति के गठन के बाद वर्षों से सोए जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारी जाग गए हैं। कई जिलों में हम असली, तुम नकली का छद्म युद्ध शुरू हो गया है। कई जिलों में प्रेस विज्ञप्ति जारी होने लगी है तो कई जिलों में दो-दो लीग आयोजन की पृष्ठभूमि भी तैयार हो रही है। अचानक ही मृत पड़ा फुटबॉल जागृत हो गया है।

 

29 सितंबर को 5 और 30 सितंबर को 8 जिलों में बनाई गई आयोजन समिति

अध्यक्ष के निर्देश पर संयुक्त सचिव ने 29 सितंबर को 5 जिलों लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गोड्डा व जामताड़ा में आयोजन समिति का गठन किया गया। पांचों जिलों के आयोजन समिति गठित किये जाने संबंधी पत्र ⇓


वहीं 30 सितंबर को 8 जिलों रांची, सिमडेगा, चतरा, गढ़वा, देवघर साहेबगंज, दुमका व पाकुड़ में आयोजन समिति का गठन किया गया है। आठों जिलों के आयोजन समिति गठित किये जाने संबंधी पत्र ⇓ 

JFA संविधान में दिए गए अध्यक्ष के अधिकार

 

“सरकार के निर्देश के पश्चात मैंने JFAअध्यक्ष को प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिला स्तर पर आयोजन समिति का गठन किया है। इसी निमित्त आयोजन समिति का गठन किया गया है जो एक नियत समय-सीमा के अंदर लीग का सफलतापूर्वक आयोजन कराएगी”

नज़म अंसारी, अध्यक्ष, JFA