जांच समिति का निर्देश – अधिक भुगतेय राशि का समायोजन संबंधित एजेंसी से अविलंब कराया जाए, 9 माह 16 दिन बाद भी निदेशालय के अधिकारी चुप

| रांची
sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में हुए भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की बजाय पिछले 9 माह से लीपापोती में कैसे जुटा है खेल निदेशालय – भाग 2
पिछले 9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने विस्तृत जांच और राशि की वसूली करने के मामले में लग्गी से घास काटने में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं। जानकारी ये भी मिली है कि पूर्व खेल निदेशक सुशांत गौरव के इशारे पर संचिका को धूल फांकने के लिए छोड़ दिया गया था। आज हम पाठकों को बता रहे हैं कि जांच समिति ने खेल निदेशालय को क्या क्या कार्रवाई करने को कहा था और पिछले 9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय ने क्या क्या कार्रवाई की है।
प्वाइंट नंबर 1
जांच समिति ने कहा : बीके ट्रैवल्स को भुगतान से पूर्व जिला परिवहन पदाधिकारी रांची कार्यालय से निर्धारित दर प्राप्त किए जाने का कोई पत्र/साक्ष्य जांच समिति को उपलब्ध कराए गए, संचिका/अभिलेख में नहीं पाया गया। अतः जिला परिवहन पदाधिकारी रांची कार्यालय से प्रश्नगत मामले में निर्धारित दर को प्राप्त करते हुए क्रीडा निदेशालय द्वारा सभी वाहनों के परिचालन, उस पर ईंधन मद में हुए भुगतान तथा वहां के निर्धारित भाड़े से ज्यादा भुगतान करने आदि के बिंदु पर पुनर्समीक्षा की आवश्यकता है पुनर्समीक्षा के क्रम में अधिकाई भुगतान पाए जाने की स्थिति में संबंधित राशि का समायोजन क्रीड़ा निदेशालय द्वारा अविलंब कराया जाना अपेक्षित है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : बीके ट्रैवल्स को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 2
जांच समिति ने कहा : बीके ट्रैवल्स द्वारा 27 गाड़ियों में मेसर्स श्याम सर्विस सेंटर से कूपन के माध्यम से कुल 2706 लीटर ईंधन ली गई जिनका कुल मूल्य रुपया 2,56,026/- होता है। जांच/समीक्षा के क्रम में पाया गया कि मेसर्स बीके ट्रैवल्स द्वारा भुगतान हेतु समर्पित विपत्र में केवल रुपया 1,99,975)- ही समायोजित किया गया। शेष राशि रुपया 56,053/- के समायोजन का कोई उल्लेख क्रीडा निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराये गए संचिका/अभिलेख में दृष्टिगत नहीं हुआ। अधिकाई भुगतेय राशि का समायोजन क्रीडा निदेशालय द्वारा कराया जाना अपेक्षित है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : बीके ट्रैवल्स को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 3
जांच समिति ने कहा : जांच/समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 24 वाहन उपलब्ध रहने के उपरांत भी अतिरिक्त 9 वाहनों का प्रयोग संभवत: आयोजन के दौरान आयोजन से जुड़े पदाधिकारी कर्मचारियों द्वारा किया गया। इन सभी वाहनों में रुपए 54,150/- रुपए का 570 लीटर ईंधन भरवाया गया। इस अतिरिक्त वाहनों का प्रयोग किन के द्वारा एवं किस परिस्थिति में किया गया, के बिंदु पर क्रीडा निदेशालय से वस्तु स्थिति स्पष्ट कराया जाना समिति प्रतीत होता है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : बीके ट्रैवल्स को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 4
जांच समिति ने कहा : कार्यादेश में उल्लेखित (कुल 51) सामग्रियों के लिए जीएसटी 18% के रूप में अधिक भुगतान मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को की गई। कार्यादेश में उल्लेखित सामग्रियों (कुल 51) के संपूर्ण अवधि के लिए जीएसटी 18% के रूप में की गई अधिकाई भुगतेय राशि की वसूली की कार्रवाई क्रीडा निदेशालय द्वारा किया जाना अपेक्षित होगा।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 5
जांच समिति ने कहा : मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा लगेज वैन हेतु समर्पित विपत्र में पारिश्रमिक/भोजन सहित हेतु रुपया 49500 (+ जीएसटी) का दावा किया गया है जिसका भुगतान क्रीड़ा निदेशालय द्वारा किया गया है। यहां ध्यान देने योग्य बात यह है कि मेजर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को निर्गत कार्य देश के कंडिका संख्या 1(vii) में यह स्पष्ट रूप से अंकित है की सामग्रियों के ढुलाई, भाड़ा, पारिश्रमिक, सुरक्षा व्यय आदि निर्धारित दर में शामिल है। ऐसी स्थिति में क्रीड़ा निदेशालय द्वारा उक्त अधिक भुगतेय राशि का समायोजन संबंधित एजेंसी से अविलंब कराया जाना अपेक्षित है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 6
जांच समिति ने कहा : मेसर्स ऊषा एंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) को 25 प्लेट थाली हेतु कुल रुपया 8,100 (5% जीएसटी राशि सहित) कुल अधिक भुगतान की प्रति पूर्ति क्रीडा निदेशालय द्वारा किया जाना अपेक्षित होगा।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर को नोटिस कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 7
जांच समिति ने कहा : इंटरनेट ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सर्विस के साथ आवश्यक हार्डवेयर/एसेसरीज उपलब्ध कराने हेतु जो प्रक्रिया निविदा समिति/क्रय समिति द्वारा अपनाई गई वो प्रक्रिया सरकारी कार्यालय में सामग्रियों के क्रय हेतु विभाग द्वारा स्थापित प्रक्रिया एवं दिशा निर्देशों के प्रतिकूल है। जांच में यह भी तथ्य पाया गया कि मेजर्स रौनक ने से आइटम्स की आपूर्ति हेतु दिनांक 27.9.2023 को क्रीडा निदेशालय में कुल रुपया 23,50,413/- जीएसटी सहित का कोटेशन समर्पित किया था। इस कोटेशन के बारे में निविदा समिति/क्रय समिति के संज्ञान में नहीं ले जाने के कारण मेसर्स रौनक को अधिक राशि पर कार्यादेश निर्गत करने की अनुशंसा की गई। वर्तमान समय में इंस्टॉल किए गए सभी आवश्यक हार्डवेयर कंपोनेंट का तत्सम समायोजन कराए गए फिजिकल ऑब्जरवेशन/साइट वेरीफिकेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने तथा वर्तमान समय में भी इसका फिजिकल ऑब्जरवेशन/ साइट वेरिफिकेशन करने की कार्रवाई क्रीडा निदेशालय द्वारा अपेक्षित है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : मेसर्स रौनक को नोटिस जारी कर अधिकारियों ने अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर ली।
प्वाइंट नंबर 8
जांच समिति ने कहा : जांच समिति का परामर्श है कि प्रतियोगिता के दौरान काम में लगाए गए सभी 73 वॉलिंटियर्स और 20 बॉल किड्स के खाते में निर्धारित संपूर्ण राशि का हस्तांतरण हॉकी झारखंड द्वारा किया गया है अथवा नहीं की संपुष्टि क्रीडा निदेशालय/साझा द्वारा कराई जा सकती है।
9 माह 16 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : चुप्पी थामे हुए हैं अधिकारी
उपरोक्त विषय पर वर्तमान खेल निदेशक संदीप कुमार से उनके आधिकारिक ईमेल और व्हाट्सएप पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई भी उत्तर अप्राप्त है। हां ये जानकारी जरूर मिली है कि 3 लोगों की टीम संचिका पर पिछले एक पखवाड़े से लगातार मंथन कर रही है।
गुरुवार को विशेष सीरीज के भाग-3 में भी जारी रहेगा
जांच समिति ने किन किन वेंडरों से अधिकाई वसूली का दिया था निर्देश