झारखंड वॉलीबॉल संघ की SGM में आरके आनंद अध्यक्ष, उत्तम राज महासचिव और विकास वर्मा बने कोषाध्यक्ष

झारखंड वॉलीबॉल संघ की SGM में आरके आनंद अध्यक्ष, उत्तम राज महासचिव और विकास वर्मा बने कोषाध्यक्ष
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

रविवार को झारखंड वॉलीबॉल संघ (JVA) की विशेष आम सभा (SGM) सह 2025-29 के चुनाव में निवर्तमान शेखर बोस की जगह उत्तम राज को महासचिव पद की जिम्मेवारी सौंपी गई। आरके आनंद अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी संभालते रहेंगे जबकि कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी विकास वर्मा को सौंपी गई है। पुराने विधानसभा हॉल में आयोजित SGM में संजय कुमार कार्यकारी सचिव, संजय ठाकुर आयोजन सचिव और एस एम हाशमी को एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया। सुबोध कांत सहाय चेयरमैन बने रहेंगे जबकि वाइस चेयरमैन के पद पर रांची विवि के कुलपति और YBN विवि के प्रो चांसलर रामजी यादव मनोनीत किए गए। सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (VFI) के संयुक्त सचिव आनंद शंकर राजहंस और झारखंड ओलंपिक संघ की ओर से शिवेंदु दुबे मौजूद थे।

अकादमी संबंधित जिलों से ही खेलेगी
JVA ने निर्णय लिया है कि निजी अकादमियों को अलग से मान्यता नहीं प्रदान की जाएगी। अकादमियों को संबंधित जिलों से ही खेलना होगा। ये खुशी की बात है कि वॉलीबॉल के खेल को बढ़ावा देने के लिए निजी अकादमियों खुल रही हैं लेकिन एक समान अवसर प्रदान करने के लिए ये निर्णय लिया गया है। डिपार्टमेंटल टीम को यूनिट के रूप में तभी मान्यता प्रदान की जाएगी जब वो ऑल इंडिया गेम्स में पहले से आठवें स्थान पर रहेगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग अलग व्यवस्था रहेगी और मान्यता प्रदर्शन के आधार पर मात्र एक वर्ष के लिए ही रहेगी।