जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप टीम के सदस्य सुनील जोजो को दक्षिण पूर्व रेलवे ने दी नौकरी, मंगलवार को अर्जुन मुंडा ने सौंपा नियुक्ति पत्र

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप टीम के सदस्य सुनील जोजो को दक्षिण पूर्व रेलवे ने दी नौकरी, मंगलवार को अर्जुन मुंडा ने सौंपा नियुक्ति पत्र
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

भुवनेश्वर में 2021 में खेली गई FIH जूनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करनेवाले सुनील जोजो को दक्षिण पूर्वी रेलवे की ओर से मंगलवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। दरभंगा हाउस स्थित CCL कन्वेंशन सेंटर में आयोजित रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय मंत्री व भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने सुनील जोजो को नियुक्ति पत्र सौंपा। 20 वर्षीय सुनील को इलेक्ट्रिकल विभाग में क्लर्क के पद पर नियुक्ति दी गई है। सुनील जोजो 2021 में भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप में चौथा स्थान पानेवाली टीम का हिस्सा थे। वर्ल्ड कप के सभी पांच मुकाबलों में डिफेंडर सुनील जोजो प्लेइंग एकादश का हिस्सा रहे थे। 

 

सुंदरगढ़, ओडिशा के रहनेवाले हैं सुनील जोजो

 

14 दिसंबर 2002 को जन्मे सुनील जोजो मूलतः ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कुतरा तहसील (प्रखंड) के गमरडिही के रहनेवाले हैं। जुलियानी जोजो और सदानंद जोजो के पुत्र सुनील को बचपन से ही हॉकी के प्रति दीवानगी थी। यही कारण था कि वे 11 वर्ष की उम्र से ही वर्ष 2014 से पंपोश स्पोर्ट्स अकादमी, राउरकेला में शामिल हुए। सुनील सब जूनियर, जूनियर और सीनियर स्तर पर वे पिछले 7 साल से ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

 

दक्षिण पूर्वी रेलवे वर्ष 2023-24 में 32 खिलाड़ियों को देगा नौकरी

पिछले चार दशक से दक्षिण पूर्वी रेलवे अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नियुक्ति देने के मामले नित नए कीर्तिमान बना रहा है। झारखंड में जहां अन्य सरकारी संस्थाओं व लोक उपक्रमों ने खिलाड़ियों की नियुक्ति पर घोषित/अघोषित पाबंदी लगा रखी है वहीं दक्षिण पूर्वी रेलवे लगातार खिलाड़ियों को रोजगार उपलब्ध करा रहा है। दक्षिण पूर्वी रेलवे ने वर्ष 2023-24 में विभिन्न खेल विधाओं के 32 खिलाड़ियों को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है और इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।