अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शुभलक्ष्मी शर्मा के गृह शहर हजारीबाग को बहुत जल्द मिलने जा रहा क्रिकेट स्टेडियम, बोर्ड मैचों के लिए अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा हजारीबाग का वेल्स क्रिकेट ग्राउंड

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शुभलक्ष्मी शर्मा के गृह शहर हजारीबाग को बहुत जल्द मिलने जा रहा क्रिकेट स्टेडियम, बोर्ड मैचों के लिए अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा हजारीबाग का वेल्स क्रिकेट ग्राउंड
रांची/हजारीबाग

टीम sportsjharkhand.com 

जमशेदपुर, रांची, धनबाद और बोकारो के बाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शुभलक्ष्मी शर्मा के गृह नगर हजारीबाग का वेल्स क्रिकेट मैदान भी बोर्ड मैच कराने के लिए उपलब्ध होगा। पिछले 3 वर्षों से हजारीबाग जिला क्रिकेट संघ (HDCA) द्वारा वेल्स मैदान पर की गई मेहनत का सुखद नतीजा अब दिखने लगा है। प्रथम श्रेणी मैचों के अनुकूल मैदान के चारों ओर फेंसिंग हो चुकी है और फ्लड लाइट अपनी रौशनी बिखेर रहा है। 22 स्प्रिकलर सिस्टम लगाए जाने के बाद मैदान में कोलकाता से मंगाई गई सिलेक्शन वन नाम के घास अब मैदान पर मखमली हरियाली बिखेर रही है। मुख्य पिच पर मैथन से लाई गई काली मिट्टी से चार टर्फ विकेट बनाए जाने का काम बदस्तूर जारी है। प्रैक्टिस विकेट पर भी टर्फ की रिपेयरिंग का काम अंतिम चरण में है। बरसाती ऑफ सीजन में HDCA द्वारा किए गए होमवर्क के बाद मैदान निखर कर सामने आ रहा है। HDCA प्रबंधन को आशा है कि 2023-24 सत्र में वेल्स मैदान पर बोर्ड मैच का आयोजन होगा।

शनिवार, 19 अगस्त की सुबह की तस्वीर

 

पवेलियन व ड्रेसिंग रूम के निर्माण का काम भी अंतिम चरण में

पवेलियन निर्माण का जायजा लेते HDCA के पदाधिकारी (फाइल फोटो)

वेल्स क्रिकेट ग्राउंड के पवेलियन और ड्रेसिंग रूम का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। प्रयास किया जा रहा है कि अक्टूबर से शुरू होनेवाले नए सत्र से पहले इसे तैयार कर लिया जाए।

अब तक 4 करोड़ से ज्यादा की राशि हो चुकी है खर्च

पिछले तीन वर्षों के दौरान वेल्स क्रिकेट मैदान पर विभिन्न मदो से लगभग 4 करोड़ रुपए की राशि खर्च हो चुकी है। तीन साल पहले 26 लाख रुपए की लागत से मैदान का समतलीकरण व मिट्टी भराई का काम HDCA अध्यक्ष सह विधायक मनीष जायसवाल की निधि से हुआ था। इसके बाद 1.53 करोड़ की लागत से भवन निर्माण विभाग की ओर से चार फ्लड लाइट लगाए गए साथ ही जिला परिषद की ओर से 1.1 करोड़ की लागत से पवेलियन, ड्रेसिंग रूम व चार दुकानों का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा HDCA ने अन्य श्रोतों से स्प्रिक्लर समेत अन्य संसाधनों की व्यवस्था पर लाखों रुपए का खर्च किया है।

फ्लड लाइट की रौशनी को जांचते-परखते HDCA के पदाधिकारी (फाइल फोटो)

 

स्टंप्स माइक व कैमरा रहे इसलिए की गई स्पेशल वायरिंग

मैच के दौरान स्टंप्स में कैमरा और माइक की सुविधा भी उपलब्ध हो इसके लिए चारों तरफ विकेट से पवेलियन की ओर स्पेशल वायरिंग की गई है। जिससे की भविष्य में कोई तकनीकी परेशानी ना हो।

 

अगले चरण में दर्शक दीर्घा का होगा निर्माण

मैदान में जो आधारभूत सुविधाएं तैयार की जा रही हैं उनके पूर्ण होने के बाद दर्शक दीर्घा बनाए जाने का काम भी शुरू किया जाएगा। अभी पवेलियन में ही दर्शकों के बैठने की सीमित व्यवस्था होगी।

 

JSCA उपलब्ध करा रहा तकनीकी संसाधन

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने भी HDCA को पिच रोलिंग मशीन, ग्रास कटर जैसे मशीनें उपलब्ध करा रहा है। टर्फ विकेट और मैदान के आउटफील्ड को तैयार करने में भी JSCA तकनीकी सहयोग कर रहा है, जिससे की मैदान को सही तरीके से तैयार और मेंटेन रखा जा सके।

 

“सभी के सहयोग से वेल्स मैदान को बोर्ड मैच खेलने के अनुकूल बनाया जा रहा है। ज्यादातर काम निपटाया जा चुका है और हमारा प्रयास है कि सत्र की शुरुआत से पहले ये मैदान पूरी तरह से तैयार हो जाए”

संजय सिंह, सचिव HDCA सह पूर्व उपाध्यक्ष JSCA