FIH ओलंपिक क्वालीफायर : ओलंपिक टिकट से भारत महरूम, शुक्रवार को आखिरी मौका

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
FIH ओलंपिक क्वालीफायर के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी ने भारत को एक रोमांचक मुकाबले में पराजित कर दिया और इसी के साथ जर्मनी ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया। बताते चले कि मैदानी मैच में भारत और जर्मनी के बीच 2-2 पर ड्रा हुआ, शूटआउट में बराबरी के बाद सडन डेथ के जरिये भारत को 4-3 से जर्मनी ने पराजित किया।

संघर्ष पूर्ण मुकाबला
भारत और जर्मनी के बीच यह मुकाबला काफी संघर्ष पूर्ण रहा। तय समय पर और शूटआउट में बराबरी के बाद सडन डेथ में 4-3 से जर्मनी ने भारत को हरा दिया। भारत को हराने के बाद जर्मनी ने पेरिस ओलंपिक का टिकट पक्का कर लिया। मुकाबले में भारत ने शानदार शुरूआत की और पहले क्वार्टर से ही आक्रामक तरीके से खेलते हुए भारतीय टीम ने 15वें मिनट में पहला गोल कर अपना खाता खोला। यह गोल टीम की डिफेंडर दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दिल कर किया। हालांकि भारतीय टीम को गोल करने और भी कई मौके मिले, लेकिन मामूली खामियों के बीच खिलाड़ियों में लेंथ व कॉओर्डिनेशन की कमी दिखी। दूसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में संगीता ने जर्मनी से गेंद अपने हाथ में लेकर शानदार बॉल पास करते हुए लालरिम्सियामी को दिया। लेकिन वह गेंद को गोलपोस्ट में डालने में नाकाम रही। दूसरे क्वार्टर के समापन से 3 मिनट पहले जर्मनी का खाता खुला। जर्मनी की चार्लोट स्टेपनहॉर्स्ट ने 27वें मिनट में शानदार फिल्ड गोल किया। हाफटाइम तक भारत-जर्मनी 1-1 की बराबरी पर रहें।
इधर, तीसरा क्वार्टर भी संघर्षपूर्ण रहा। दाेनों ही टीमों ने गोल के लिए खूब संघर्ष किया। लेकिन निर्धारित 15वें मिनट तक दोनों ही टीम गोल करने में नाकाम रही। चौथे क्वार्टर में फिर भारतीय और जर्मनी टीम ने आक्रमक खेल के साथ अच्छी शुरूआत की। गोल के लिए दोनों टीमों में लंबी भिड़ंत के बाद 57वें मिनट में चार्लोट स्टेपनहॉर्स्ट ने दोबारा फिल्ड गोल किया। इसके बाद खेल समाप्ति से 1 मिनट पहले 59वें मिनट में भारत की इशिका ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर 2-2 की बराबरी से मैच ड्रा कर दिया।

सडन डेथ में हारा भारत
2-2 की बराबरी के बाद शूटआउट खेला गया। दोनों टीम को शूटआउट से गोल करने के पांच-पांच मौके दिए गये। इसमें पहले जर्मनी की लीनिया को मौका मिला, लेकिन गोलकीपर सविता गेंद को रोकने में कामयाब रही। हालांकि शूटआउट भी नाकाम रहा। 3-3 की बराबरी से शूटआउट भी ड्रा रहा। इसके बाद सडन डेथ में गोल दागने उतरी भारत की सोनिका गोल करने में असफल रही। जबकि की लिसा नाल्टी ने गोल कर जर्मनी को 4-3 से जीत दिला दी। बताते चले कि इस मैच का लुफ्त उठाने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी हॉकी स्टेडियम पहुंचे थे।

शुक्रवार को तीसरे स्थान के लिए जापान से भारत का मुकाबला
शुक्रवार को भारत और जापान के बीच 3-4 स्थान के लिए भिड़ंत होगी। जीतने वाली टीम पेरिस के लिए क्वालीफाई करेगी।