JSSPS की अदूरदर्शिता के कारण SAI के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे SGFI कांस्य पदक विजेता वेटलिफ्टर रोहन कुमार महतो इस वर्ष ट्रायल देने से रह गया वंचित

JSSPS की अदूरदर्शिता के कारण SAI के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे SGFI कांस्य पदक विजेता वेटलिफ्टर रोहन कुमार महतो इस वर्ष ट्रायल देने से रह गया वंचित
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

ओलंपिक गोल्ड के सपने को साकार करने के मूल मंत्र के साथ गठित झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की अकर्मण्यता के कारण अब खिलाड़ियों के समक्ष राज्य और देश के स्तर पर पदक जीतने की उम्मीदें भी सांस तोड़ती हुई नजर आ रही हैं। लखनऊ के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे रोहन कुमार महतो बुधवार को झारखंड की SGFI टीम के चयन में भाग नहीं ले पाएंगे। पिछले वर्ष U 17 वर्ग के 89 किलोग्राम वर्ग में रोहन कुमार महतो ने SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। कुछ माह पहले तक रोहन महतो JSSPS के प्रशिक्षु थे लेकिन अब उन्हें हटा दिया गया है। JSSPS से हटाए जाने के बाद रोहन किसी अन्य स्कूल में नामांकन नहीं ले पाए और इसी कारण बुधवार को होनेवाले ओपन ट्रॉयल में वो हिस्सा नहीं ले पाएंगे। 

ठीक इसी तरह लखनऊ के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण ले रही 59 किलोग्राम वर्ग में राज्य की गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ्टर सीमा मरांडी भी ओपन ट्रॉयल का हिस्सा नहीं बन पाएंगी। क्योंकि JSSPS ने उन्हें 8वीं पास करने के बाद हटा दिया और वे 9वीं में कहीं नामांकन नहीं करा पाईं। दोनों ही वेटलिफ्टर राज्य के लिए ही खेलना चाहते हैं लेकिन यहां किसी स्कूल में नामांकन नहीं होने के कारण वे वंचित रह जाएंगे। दोनों वेटलिफ्टर ट्रॉयल देने के लिए रांची पहुंच चुके हैं और झारखंड शिक्षा परियोजना के पदाधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुननेवाला नहीं।

JSSPS के 7 वेटलिफ्टर SAI हाई परफॉर्मेंस सेंटर के लिए हुए थे चयनित

JSSPS के कुल 7 वेटलिफ्टर SAI के तीन हाई परफॉर्मेंस सेंटर के लिए चयनित हुए थे। प्रशिक्षण, किट और भोजन की व्यवस्था SAI HPC सेंटर करते हैं लेकिन बच्चे अपने मूल प्रशिक्षण स्थान से ही प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। JSSPS ने इन 7 वेटलिफ्टर में से मात्र दो बाबूलाल हेंब्रम और अमन मुंडा (दोनों पटियाला SAI HPC) को JSSPS में रखा है जबकि 5 अन्य वेटलिफ्टर ओम कुमार व हर्ष हेंब्रम (दोनों औरंगाबाद SAI HPC) तथा रोहन कुमार महतो, राज मरांडी और सीमा मरांडी (तीनों लखनऊ SAI HPC) को बाहर निकाल दिया है। बाहर निकाले गए सभी वेटलिफ्टर के प्रशिक्षक गुरविंदर सिंह ने अपने स्तर से प्रयास कर तीन वेटलिफ्टर का नामांकन तो किसी तरह करा दिया लेकिन रोहन कुमार महतो और सीमा मरांडी का नामांकन कहीं नहीं हो पाया।

 

प्रबंधन से तंग आकर गुरविंदर सिंह ने छोड़ा JSSPS 

प्रशिक्षक गुरविंदर सिंह ने JSSPS प्रबंधन से उक्त पांच प्रतिभावान खिलाड़ियों को बाहर ना निकाले जाने आग्रह बार बार किया था लेकिन प्रबंधन नहीं माना। वेटलिफ्टारों को निकाले जाने के बाद भी गुरविंदर ने JSSPS प्रबंधन को मनाने का प्रयास किया। इसके बाद गुरविंदर सिंह के तनख्वाह से पूर्व में वेटलिफ्टारों के ऊपर किए गए खर्च की वसूली का फरमान सुनाया गया। इससे आहत गुरविंदर सिंह ने JSSPS से इस्तीफा दे दिया और वे पटना में खेलो इंडिया के वेटलिफाइटिंग सेंटर से जुड़ गए हैं।