JSCA की आंतरिक लड़ाई में महिला T20 प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक WCA ने हाथ खींचे, प्रायोजक के नाम पर प्लास्टिक की पट्टियां चिपकाकर खेलने उतरे खिलाड़ी

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा महिला T20 क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर 31 अगस्त को प्रेस कांफ्रेंस में किए गए बड़े-बड़े दावे पहले मैच से पहले ही फुस्स हो गए। शुक्रवार को शुरू हुई महिला T20 प्रतियोगिता का ना तो लाइव टेलीकास्ट हो रहा है ना ही वूमेन प्लेयर ऑफ द मैच को कैश अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को ड्रेस पर प्लास्टिक चिपकाकर मैदान पर उतरना पड़ा क्योंकि JSCA की आंतरिक गुटबाजी के कारण पैदा हुई परिस्थितियों में प्रायोजक WCA ने सहयोग करने से मना कर दिया। ड्रेस पर प्रायोजक का लोगो छप चुका था लिहाजा खिलाड़ियों ने प्लास्टिक चिपका कर प्रायोजक के नाम को ढंक दिया। शुक्रवार को प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में रांची रॉयल्स ने जमशेदपुर को आसानी से हरा पूरे अंक बटोरे।
क्या है पूरा मामला
JSCA और जमशेदपुर की कंपनी WCA ( Wapenshaw Collective Athletics India Pvt Ltd) ने 6 अगस्त को महिला टी20 प्रतियोगिता कराने के लिए MoU किया। MoU की शर्तों के हिसाब से WCA ने 20 लाख रुपए की बैंक सिक्योरिटी जमा करा दी। शेष 20 लाख रुपए जमा कराने में देरी के बाद 2 और 3 सितंबर को JSCA ने WCA के कैमरा क्रू और मैनेजमेंट के लोगों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया। इसके बाद ईमेल के जरिए पत्राचार तो होता रहा लेकिन मामला बिगड़ गया। WCA ने प्रतियोगिता का डेट बदलने का आग्रह किया लेकिन इसे खारिज कर दिया गया और अंततः JSCA ने मैच स्वयं कराने का निर्णय लिया।
JSCA की आंतरिक लड़ाई बनी बाधक
6 अगस्त को जब MoU हुआ तो JSCA की ओर से उपाध्यक्ष ने हस्ताक्षर किए और इस अवसर पर अध्यक्ष मौजूद रहे। 31 अगस्त को जब प्रेस वार्ता हुई तब उपाध्यक्ष के साथ सचिव तो मौजूद रहे लेकिन अध्यक्ष नदारद रहे। WCA का प्रबंधन JSCA अध्यक्ष व सचिव के अहम के टकराव को पाटने में सफल नहीं हो पाया और अंततः उसने खुद को प्रतियोगिता से अलग कर लिया।
WCA प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।