महिलाकर्मी से “बदसलूकी” संबंधी जांच में दोषी पाए गए DSO दिलीप कुमार, गढ़वा DC ने विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए सचिव को भेजी रिपोर्ट और चार्जशीट

| रांची |
गढ़वा फुटबॉल स्टेडियम में कार्यरत एक महिला सफाईकर्मी से बदसलूकी मामले में जिला खेल पदाधिकारी (DSO) SDO जांच में दोषी पाए गए हैं। महिलाकर्मी ने 18 फरवरी को उपायुक्त (DC) के पास लिखित शिकायतवाद दर्ज कराई थी और DSO पर अनावश्यक रूप से आवास समेत अन्य जगहों पर अकेले काम करने का दबाव बनाने, बात बात पर गंदी गालियां देने, मारपीट के साथ टॉर्चर करने और भयादोहन कर नौकरी से हटाने की धमकी और दबाव बनाकर 10 हजार रुपए ऐंठने का आरोप लगाया था। शिकायतवाद की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, खेल सचिव व खेल निदेशक को भी प्रेषित की गई थी। इसके बाद DC ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की थी। कमिटी ने जांच के दौरान DSO पर लगाए गए सभी आरोप सही पाए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट DC को सौंपी, इसके बाद अग्रतर विभागीय कार्रवाई के लिए गढ़वा उपायुक्त (DC) ने पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव को रिपोर्ट और चार्जशीट प्रेषित कर दी है। इसके साथ ही ये तय हो गया है कि DSO दिलीप कुमार की मुश्किल बढ़ेंगी। अग्रतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संभावना है कि जांच प्रक्रिया अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू हो जाए।
क्या कहते हैं अधिकारी 👇🏻
“जांच समिति ने ससमय अपनी रिपोर्ट उपायुक्त महोदय को सौंप दी है, इससे ज्यादा कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हूं”
संजय पांडेय, SDO सह जांच समिति के अध्यक्ष
“जांच के दौरान महिलाकर्मी द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई है। प्रक्रिया के तहत प्रशासी विभाग को अग्रतर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट और चार्जशीट प्रेषित कर दी गई है”
शेखर जमुआर, उपायुक्त, गढ़वा
“DSO के खिलाफ गढ़वा DC द्वारा प्रेषित रिपोर्ट और आरोप पत्र प्राप्त हुआ है। इसे विभागीय कार्यवाही के संचालन के लिए कार्मिक विभाग द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी को भेजा जाएगा। लेकिन संभवतः यह अप्रैल के पहले सप्ताह में किया जाएगा क्योंकि विभाग के अधिकारी अभी विधानसभा की कार्यवाही और मार्च के अंतिम सप्ताह में अन्य जरूरी वित्तीय कार्यों को निपटाने में व्यस्त हैं”
मनोज कुमार, सचिव, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग
अब आगे क्या होगा ?
जांच के दौरान क्या क्या आया सामने ?
sportsjharkhand.com को सूत्रों से जानकारी मिली है कि जांच समिति के समक्ष पीड़िता ने लिखित आरोपों से परे “कड़वी सच्चाई” से भी जांच समिति के सदस्यों को अवगत कराया। “कड़वी सच्चाई” वास्तव में काफी कड़वी थी। जब महिलाकर्मी से 10 हजार रुपए के भयादोहन की जांच की गई तो पता चला कि डे बोर्डिंग प्रशिक्षकों की बहाली के नाम पर भी कई “एप्लीकेंट्स” से भयादोहन किया गया है। गाली गलौच और प्रशासनिक अनुशासनहीनता की सच्चाई भी जांच समिति के समक्ष सामने आई।
महिलाकर्मियों से बदसलूकी के हैबिचुअल ऑफेंडर रहे हैं DSO दिलीप कुमार
DSO दिलीप कुमार जहां भी DSO के रूप में पदस्थापित रहे हर जगह महिलाओं से बदसलूकी का मामला सामने आया। साहेबगंज में एक महिलाकर्मी से इतनी नजदीकी बढ़ गई कि पति ने इसकी शिकायत DC से कर दी। DC ने DSO को चेताया। ये मामला लिखित तौर पर सामने नहीं आया। इसके बाद धनबाद खेल कार्यालय में संगणक संचालिका के रूप में कार्यरत एक महिला कर्मी ने 12 जून 2024 को DSO दिलीप कुमार के खिलाफ गंदी निगाह रखने, गाली गलौच करने, मारपीट की धमकी देने और अनावश्यक रूप से देर रात तक ऑफिस में रुकने का दबाव बनाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे।
