“रिंग मास्टर” पीएन सिंह के इशारे पर JSCA के निर्देशों को धता बता 55 दिन बाद भी BDCA ने एड हॉक कमिटी को नहीं सौंपे दस्तावेज

BDCA का पिछले 4 वर्ष से नहीं हुआ ऑडिट, 11 मई तक ऑडिट कराने के लिए CA के पास दौड़ रहे "आका", ऑडियो वायरल
रांची

टीम sportsjharkhand.com

बोकारो जिला क्रिकेट संघ (BDCA) के “रिंग मास्टर” और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के संयुक्त सचिव पीएन सिंह की शह पर JSCA के निर्देशों को धता बताते हुए BDCA के पदाधिकारियों ने क्रिकेट संचालन से जुड़े दस्तावेज नव नियुक्त एड हॉक समिति को अब तक नहीं सौंपे हैं। JSCA के कड़े निर्देश के 55 दिन गुजर जाने के बावजूद BDCA के आकाओं के इशारे पर अब तक एक भी दस्तावेज एड हॉक कमिटी को नहीं सौंपा गया है। पी एन सिंह और उसके चट्टे बट्टों को JSCA में कौन प्रश्रय दे रहा है ? JSCA के सचिव देवाशीष चक्रवर्ती के हस्ताक्षर से 6 मई को जारी पत्र में BDCA को साफ साफ निर्देश दिया गया था कि 

“You are therefore directed to ensure that all the records of the District Association be handed over forthwith to the Convener of the AD HOC Committee or to any person authorised by him.”

देखे बॉक्स

निर्देश देने के बाद JSCA प्रबंधन भी सो गया और BDCA के आका और उनके चट्टे बट्टे अब भी दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। फर्जी बिल तैयार किए जा रहे हैं, बैक डेट में पदाधिकारियों व अन्य लोगों से हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं। BDCA के अध्यक्ष को पता ही नहीं कि वो अध्यक्ष है, सचिव पंजाब में नौकरी बजा रहा है और कोषाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया है। सारे दस्तावेज BDCA के रिंग मास्टर के पास हैं। सचिव गर्मियों की छुट्टी में बोकारो पहुंचा था लेकिन उसे ही दस्तावेज नहीं मिले तो वो कौन सा दस्तावेज एड हॉक कमिटी को सौंपता। 

 

जांच समिति ने दस्तावेजों की सुरक्षा पर जताई थी आशंका

JSCA की जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में BDCA के दस्तावेजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए थे। 6 मई को JSCA की ओर से जारी पत्र में इसका जिक्र भी है

“Even the Chairman of the Enquiry Committee constituted by the JSCA to enquire into aspects relating to the selection of players by BDCA has expressed his concerned over the safety of the records…..”

देखें बॉक्स

इतनी गंभीर टिप्पणी के बावजूद 55 दिन बाद भी JSCA की चुप्पी नए संदेहों को जन्म दे रही है। 

 

गुटबाजी में फंसा JSCA बलि का बकरा ढूंढने में जुटा

अमिताभ चौधरी के निधन के बाद उनके (अमिताभ चौधरी) सिपहसालार चार पांच गुट में बंट गए हैं। सभी गुट JSCA और कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) पर कब्जे की रणनीति में अपनी ऊर्जा खपा रहे हैं। कब्जे के लिए वोट की जरूरत है और वोट के लिए BDCA के रिंग मास्टर पीएन सिंह की जरूरत है। इसी को देखते हुए कई गुट परोक्ष व अपरोक्ष रूप से पीएन सिंह को बचाने में जुटे हैं, जबकि सभी को पता है कि BDCA का संचालन पिछले डेढ़ दो दशक से पीएन सिंह कर रहा है। पीएन सिंह को बचाने के लिए एक दो बलि के बकरे ढूंढने की कवायद तेज हो गई है और कार्रवाई के नाम पर ऐसे ही बकरों की बलि दी जाने की तैयारी हो रही है।