विभागीय जांच में एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में गंभीर प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की हुई पुष्टि

| रांची
टीम sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
एक माह से ज्यादा वक्त तक चली विभागीय जांच में एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में गंभीर प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हो गई है।जानकारी के अनुसार जांच में ये बात प्रमाणित हो गई कि प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान चहेते वेंडरों/लोगों को काम दिलवाने में कई बार सरकार की वित्तीय नियमावली का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन खेल निदेशालय के जिम्मेवार पदाधिकारियों द्वारा किया गया, जिसके फलस्वरूप सरकार को वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में कई वेंडरों को टेंडर की शर्तों से परे जाकर किए गए ज्यादा भुगतान की राशि वापस लिए जाने की अनुशंसा भी की गई है। इस मसले पर विभागीय मंत्री हफीजुल हसन और विभागीय सचिव मनोज कुमार का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन पक्ष नहीं मिल पाया।
प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की खबरें छपने के बाद बनी थी जांच कमिटी
27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक रांची में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में की गई प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की खबरें प्रकाशित होने के बाद विभागीय मंत्री हफीजुल हसन के निर्देश पर चार सदस्यीय जांच कमिटी का गठन किया गया था। कमिटी के अध्यक्ष विभाग के संयुक्त सचिव अरुण कुमार थे जबकि उप सचिव विमलानंद मिश्र, अपर सचिव राजेश कुमार और प्रशाखा पदाधिकारी मोहम्मद तसनीम जेया सदस्य बनाए गए थे। कमिटी द्वारा बुलाए जाने पर sportsjharkhand.com ने भी 10 जुलाई को प्रतियोगिता के आयोजन में हुई वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितता पर अपना पक्ष लिखित व मौखिक तौर पर रखा था।
ऐसी ऐसी प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता को अंजाम तक पहुंचाया गया था
⇒पेट्रोल कार डीजल पर दौड़ी
⇒ई रिक्सा में डीजल भरवाया गया
⇒कम दर पर काम करने को इच्छुक वेंडर/फर्म को ज्यादा दर पर दिया गया काम
⇒550 VVIP लोगों के “बड़ा भोज” पर लगभग 1.05 करोड़ रुपए का खर्च
⇒डीजल/पेट्रोल पर GST का भुगतान
⇒वर्क ऑर्डर से परे जाकर वेंडर को जरूरत से ज्यादा भुगतान
⇒वरीय अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का उल्लंघन करना
⇒ज्यादातर DSO से विपत्रों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर लेना