CM और मुख्यसचिव से मिलकर महिला फुटबॉलरों ने देवघर DSO और क्लर्क पर जाति सूचक गाली-गलौच करने समेत लगाए कई गंभीर आरोप

| रांची/देवघर |
राज्य में महिला खिलाड़ियों के सम्मान के साथ हो रहे खिलवाड़ की शिकायतें थमने का नाम ही नहीं ले रहीं। ताजा मामला देवघर की डे बोर्डिंग महिला फुटबॉल खिलाड़ियों से जुड़ा हुआ है। देवघर जिला खेल पदाधिकारी (DSO) और उनके क्लर्क की प्रताड़ना से परेशान 12 महिला खिलाड़ियों ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मिलकर अपनी व्यथा बताई। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि देवघर DSO संतोष कुमार और उनका क्लर्क रजनीश जाति सूचक गाली-गलौच करते हुए सेंटर से निकालने की धमकी देते हैं, ऑफिस में खेल सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद खेल सामग्री नहीं देते और कभी दी भी गई तो आधी अधूरी, सेंटर में 25 खिलाड़ियों की जगह की मात्र 14 खिलाड़ी हैं लेकिन पिछले 2 वर्ष से शेष 11 खिलाड़ी कई ट्रायल के बावजूद नहीं दिए जा रहे और पिछले 16 माह से छात्रवृत्ति नहीं मिली है। मुख्यमंत्री महिला खिलाड़ियों के साथ बड़ी आत्मीयता से मिले और उन्हें आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और क्लर्क पर कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्य सचिव ने अभिभावक की भूमिका निभाई
देवघर से रांची पहुंची महिला खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के बाद मुख्य सचिव अविनाश कुमार से भी मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्य सचिव ने भी आश्वस्त किया कि समुचित कार्रवाई की जाएगी। मुलाकात के दौरान शाम हो गई थी तो मुख्य सचिव ने बच्चियों को सरकारी वाहन से रांची स्टेशन तक पहुंचवाया और एक जिम्मेवार अभिभावक की भूमिका निभाई। बच्चियां मुख्य सचिव के इस व्यवहार से काफी अनुगृहीत दिखीं। मुख्यमंत्री और मुख्यसचिव से मिलने से पहले महिला खिलाड़ियों ने विभागीय सचिव से मिलने का भी प्रयास किया लेकिन वे ऑफिस में नहीं थे, तो शिकायती पत्र ऑफिस में जमा करा दिया गया।
उपायुक्त सोमवार को खिलाड़ियों से करेंगे मुलाकात
जानकारी मिल रही है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से देवघर उपायुक्त सौरव कुमार भुवानिया को कार्रवाई करने का निर्देश मिल चुका है। संभव है कि वे सोमवार को सभी महिला खिलाड़ियों से समाहरणालय परिसर में मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।