पेरिस ओलंपिक की तैयारियों के लिए एथलीट आशा किरण बारला को कोल इंडिया ने 3 साल के लिए किया स्पॉन्सर

| रांची |
पिछले माह U 20 के 800 मीटर दौड़ का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनानेवाली एथलीट आशा किरण बारला को पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में सहयोग के लिए कोल इंडिया आगे आया है। कोल इंडिया अगले तीन वर्षों तक आशा किरण बारला को 5-5 लाख रुपए की मदद करेगा। पिछले कई माह से आशा किरण बारला को सहयोग करने का प्रस्ताव सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) से कोल इंडिया मुख्यालय भेजा गया था। कोल इंडिया के चेयरमैन पी एम प्रसाद ने दीपावली से पहले इसकी मंजूरी दे दी। पता हो की आशा किरण बारला पिछले दो वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। आशा ने 14 अक्टूबर को बंगलोर में आयोजित U 20 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान 2 मिनट 03.01 सेकेंड के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। आशा किरण बारला बोकारो थर्मल स्थित भाटिया एथलेटिक्स अकादमी की प्रशिक्षु हैं और उनकी बड़ी बहन फ्लोरेंस बारला भी अंतरराष्ट्रीय एथलीट हैं।
तीन वर्षों तक ये ये सुविधाएं मिलेंगी आशा किरण बारला को
कोल इंडिया अगले तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद करेगा। इसमें ही कोल इंडिया की ब्रांडिंग से जुड़ा ड्रेस व किट भी प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। आशा अब अभ्यास और प्रतियोगिताओं (जहां आपत्ति न हो) के दौरान वही किट पहनेंगी जिसपर कोल इंडिया की ब्रांडिंग हो।
LMC में पदस्थापित CCL के अफसरों ने जिस आशा किरण बारला को JSSPS छोड़ने पर किया मजबूर अब उसी को कोल इंडिया लगा रहा गले
वक्त बड़े बड़े सूरमाओं के अहंकार को ध्वस्त कर देता है। लगभग चार साल पहले JSSPS के LMC में पदस्थापित CCL के कुछ अफसरों ने अपने कुकर्मी साथियों को संरक्षण देकर एथलीट आशा किरण बारला को झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) का प्रशिक्षण सेंटर छोड़ने को मजबूर कर दिया था। हॉस्टल छोड़ने के बाद आशा को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अभ्यास करने से भी रोका गया लेकिन समय को कुछ और मंजूर था। आशा ने पिछले दो साल में इतना शानदार प्रदर्शन किया की अब CCL की पैतृक संस्था कोल इंडिया खुद आशा किरण बारला के साथ जुड़ने जा रही है।
CCL के निदेशक कार्मिक से मिली आशा किरण बारला
सोमवार को आशा किरण बारला ने अपने कोच आशु भाटिया के साथ CCC के निदेशक कार्मिक एच एन मिश्रा से मिलीं। इसी दौरान उन्हें कोल इंडिया से मिली स्पॉन्सरशिप के संदर्भ में जानकारी दी गई। इस दौरान मैनेजर खेल आदिल हुसैन भी समेत कई अफसर मौजूद रहे। एक पखवाड़ा पहले आशा किरण बारला अपने कोच आशु भाटिया के साथ CIL के चेयरमैन पी एम प्रसाद से भी मिली थी।
