17.82 करोड़ बजट के साथ मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का शेड्यूल जारी, 1 नवंबर से 29 दिसंबर तक आयोजित होगी प्रतियोगिता

17.82 करोड़ बजट के साथ मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का शेड्यूल जारी, 1 नवंबर से 29 दिसंबर तक आयोजित होगी प्रतियोगिता
रांची
टीम sportsjharkhand.com 

मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल बालक एवम बालिका प्रतियोगिता का आयोजन 1 नवंबर से 29 दिसंबर तक किया जाएगा। खेल निदेशालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार प्रखंड स्तर पर भाग लेनेवाले सभी खिलाड़ियों को निदेशालय की ओर से सभी टीम को जर्सी सेट, बूट, मोजा, शिन गार्ड व गोलकीपिंग ग्लव्स अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक सिर्फ प्रतियोगिता के आयोजन में 3.58 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। इसके अलावा निदेशालय के स्तर से टी शर्ट, जर्सी सेट, शिन गार्ड, मोजा और गोलकीपिंग ग्लव्स की खरीदारी पर 14.25 करोड़ रुपए का बजट बनाया गया है। ये बजट 2021-22 में भाग लिए गए वास्तविक संख्या के आधार पर बनाया गया है अगर इस वर्ष की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी तो बजट भी उसी अनुपात में बढ़ेगा। इसके अलावा प्रतियोगिता आयोजन के लिए जरूरी खेल सामग्री, ट्रॉफी, नकद पुरस्कार के एवज में भी लाखों रुपए खर्च किए जाएंगे। निदेशालय की ओर से सभी DSO को शनिवार की शाम ईमेल कर प्रतियोगिता का शेड्यूल प्रेषित किया गया है। पता हो कि इससे पहले निदेशालय ने 24 अगस्त को पत्र जारी कर 29 सितंबर से 14 नवंबर तक प्रतियोगिता आयोजन का शेड्यूल जारी किया था। जिसे चार दिन बाद वापस ले लिया था।

 

प्रतियोगिता आयोजन का शेड्यूल

पंचायत स्तर पर : 1 से 20 नवंबर तक

प्रखंड स्तर पर : 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक

जिला स्तर पर : 9 से 13 दिसंबर तक

जिला स्तर पर : 17 से 21 दिसंबर तक

राज्य स्तर पर : 26 से 29 दिसंबर तक

पूरा का पूरा 0 दिन मिला है DSO को  प्रतियोगिता की तैयारी के लिए

प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 1 नवंबर से शुरू हो रही है। शनिवार की शाम DSO को ईमेल से जानकारी मिली कि 1 से प्रतियोगिता का आयोजन करना है। रविवार 30 अक्टूबर को रविवार का अवकाश है फिर सोमवार 31 अक्टूबर  को छठ का अवकाश है और मंगलवार 1 नवंबर से प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन। 

 

प्रतियोगिता के आयोजन में मात्र  2 दिन शेष लेकिन खिलाड़ियों के जर्सी सेट, बूट, मोजा, शिन गार्ड व ग्लव्स का अता पता नहीं


मुख्यमंत्री आमंत्रण प्रतियोगिता के शुरू होने में मात्र 2 दिन शेष हैं लेकिन न तो निदेशालय की ओर से न ही जिला खेल पदाधिकारी के स्तर पर जर्सी सेट, बूट, मोजा, शिन गार्ड व ग्लव्स आदि की खरीदारी के लिए अब तक कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है। किस साइज का कितना जर्सी सेट, बूट, ग्लव्स खरीदा जाना है इसकी सूची भी न तो निदेशालय को मिली है ना ही जिला खेल पदाधिकारी के स्तर से इकट्ठा की गई है। पता हो कि पिछली बार आयोजित मुख्यमंत्री आमंत्रण कप फुटबॉल प्रतियोगिता में दिए गया टी शर्ट अभी भी 21 जिलों के गोदाम में पड़े पड़े सड़ने का इंतजार कर रहे हैं। क्योंकि क्वालिटी इतनी खराब थी कि महिला खिलाड़ियों ने टी शर्ट लेने से इंकार कर दिया था। सिर्फ तीन जिलों सिमडेगा, लोहरदगा और लातेहार में ही 100 फीसदी टी शर्ट बंट पाया था।

 

विजयी टीम को मिलेगी 3 लाख रुपए की इनामी राशि

पंचायत, प्रखंड, जिला, जोनल और राज्य स्तर पर संपन्न होनेवाली इस प्रतियोगिता के विजेता को 3 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। उपविजेता को 2 लाख रुपए और दोनों सेमीफाइनलिस्ट को 50-50 हजार रुपए का इनाम मिलेगा। इसके अलावा चारों जोन के विजेता को 50-50 हजार रुपए और उपविजेता को 25-25 हजार रुपए रुपए का पुरस्कार मिलेगा।

 

आयोजन पर मदवार खर्च का बजट

खिलाड़ियों के लिए बूट : 9.00 करोड़ रुपए

प्रतियोगिता आयोजन : 3.58 करोड़ रुपए

जर्सी सेट : 2.62 करोड़ रुपए

शिन गार्ड  : 1.19 करोड़ रुपए

ग्लव्स : 82.05 लाख रुपए

मोजा : 61.39 लाख रुपए

कुल : 17.82 करोड़ रुपए मात्र

 

बजट के हिसाब से 34वें राष्ट्रीय खेल आयोजन के बाद सबसे बड़ा आयोजन

झारखंड में खेल आयोजन के बजट के हिसाब से देखें तो 34वें राष्ट्रीय खेल आयोजन के बाद मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2022-23 सबसे बड़ी प्रतियोगिता होने जा रही है। झारखंड के इतिहास में सरकार ने कभी भी किसी भी प्रतियोगिता के आयोजन 15 करोड़ तक की भी राशि खर्च नहीं की है लेकिन इस वर्ष आयोजित होनेवाली इस प्रतियोगिता का बजट अभी ही 17.82 करोड़ रुपए है।