JSSPS की चंचला कुमारी सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल

JSSPS की चंचला कुमारी सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल
रांची

sportsjharkhand.com टीम

 

हंगरी के बुडापेस्ट में 19 से 25 जुलाई तक आयोजित होनेवाले सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए JSSPS की चंचला कुमारी का चयन भारतीय कुश्ती टीम में हुआ है। 15 वर्षीय चंचला झारखंड की पहली पहलवान हैं जो विश्व चैंपियनशिप में भाग लेंगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में चंचला ने सभी प्रतिद्वंदियों को परास्त कर सब जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।  चंचला 40 किलाग्राम फ्री स्टाइल स्पर्धा में कुश्ती लड़ती हैं। चंचला पिछले 5 वर्षों से JSSPS में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। एक साल पहले तक चंचला को कोच बबलू कुमार व बीएन सिंह प्रशिक्षण दे रहे थे। दोनों कोच अभी JSSPS का हिस्सा नहीं है। चंचला के चयन पर JSSPS प्रबंधन, कुश्ती संघ के पदाधिकारियों व अन्य खेल प्रशासकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

 

JSSPS की पहली खिलाड़ी जो विश्व चैंपियनशिप तक पहुंची

चंचला राज्य सरकार व CCL की संयुक्त इकाई JSSPS की पहली प्रशिक्षु हैं जो विश्व चैंपियनशिप में भाग लेंगी। इससे पहले एथलिट फ्लोरेंस बारला भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना जलवा बिखेर चुकी हैं लेकिन जून 2016 में शुरू हुई इस अकादमी के लिए चंचला पहली खिलाड़ी हैं जो विश्व चैंपियनशिप का हिस्सा बनेंगी। JSSPS की सोच व इसे जमीन पर उतारनेवाले सभी लोगों के लिए ये गर्व का क्षण है। सभी को sportsjharkhand.com की ओर से बधाई।

 

JSSPS ने अपने खर्च पर ट्रॉयल के लिए दिल्ली भेजा

JSSPS ने चंचला कुमारी को अपने खर्चे पर दिल्ली ट्रायल के लिए भेजा। उसे आने.जाने व होटल में ठहरने व दिल्ली में ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था के लिए 30 हज़ार रुपये दिए गए थे। चंचला मंगलवार की सुबह राजधानी एक्सप्रेस से रांची पहुंचेगी।