21 सितंबर को CCC का होगा चुनाव, निवर्तमान कोषाध्यक्ष ने अध्यक्ष पद पर ठोंकी दावेदारी

21 सितंबर को CCC का होगा चुनाव, निवर्तमान कोषाध्यक्ष ने अध्यक्ष पद पर ठोंकी दावेदारी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) का चुनावी बिगुल फूंका जा चुका है। शनिवार को राजेश वर्मा बॉबी की अध्यक्षता में CCC की मैनेजिंग कमिटी की बैठक में 21 सितंबर को वार्षिक आम सभा सह द्विवार्षिक चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। पूरी नामांकन प्रक्रिया के संदर्भ में विस्तृत जानकारी जल्द ही सदस्यों को बता दी जाएगी। ये पहली बार है कि CCC में द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इससे पहले मैनेजिंग कमिटी का कार्यकाल एक वर्ष का होता था जिसे नवंबर 2024 में आयोजित विशेष आम सभा (EOGM) में दो वर्ष कर दिया गया। इस संशोधन से पिछली निर्वाचित कमिटी ने अपना कार्यकाल बैक डोर से एक साल बढ़ा लिया था।

CCC में अध्यक्ष के अलावा 12 मैनेजिंग कमिटी सदस्यों का चुनाव होता है। चुनाव के बाद निर्वाचित 13 सदस्य मिलकर आपस में उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त कोषाध्यक्ष और 7 कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव करते हैं। एक पखवाड़े पहले निवर्तमान कोषाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक धड़े ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इसके अलावा JSCA और CCC की सत्ता पर काबिज पदाधिकारियों की एक टीम भी मैदान में उतरने को बेताब है लेकिन इस टीम में एक अनार और कम से कम चार बीमार की स्थिति स्पष्ट रूप से दिख रही है। ऐसी संभावना प्रबल है कि पिछले तीन वर्ष से लगातार जीवन का आखिरी चुनाव का भावनात्मक पासा फेंक कर निर्वाचित होनेवाले निवर्तमान अध्यक्ष राजेश वर्मा बॉबी एक बार फिर से आखिरी बार चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। इसके अलावा सदस्य कृष्णा सिंह भी एक माह से अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश कर रहे हैं।