हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों के साथ मिलकर फैब्रिकेटेड दस्तावेज तैयार कर खुद को बचाने के चक्कर में फंस गए नरेन्द्र बात्रा

| रांची टीम sportsjharkhand.com |
न्यायालय की अवमानना के मामले में अदालत द्वारा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष पद से हटाए जाने फिर सोमवार को पड़े CBI के छापे के बाद नरेन्द्र ध्रुव बात्रा ने फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल हॉकी (FIH) व अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की पटकथा तो पिछले एक साल से तैयार हो रही थी लेकिन कनफूंकवे चमचों द्वारा बनाए गए मृगमरिचिका में फंसे नरेन्द्र बात्रा को ये नजर नहीं आया और अंततः दोस्तों को दुश्मन बनाते बनाते एक कुशल खेल प्रशासक का असामयिक अंत हो गया। हॉकी इंडिया के रीढ़विहिन पदाधिकारियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को बचाने की जुगत में जुटे नरेन्द्र बात्रा भ्रष्टाचार के दलदल में और गहरे फंसते चले गए। बात्रा को इस दलदल में फंसने से बचाने के लिए बात्रा समर्थकों ने IOA के ऑफिसियल ग्रुप में हर तरह की भाषायी मर्यादा को तार-तार कर दिया था। भाषा ऐसी है कि उसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। सोमवार की सुबह CBI के अधिकारियों ने बात्रा के दिल्ली व जम्मू के ठिकानों पर दबिस दी। देर शाम CBI ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छापे के दौरान कई इंक्रिमिनेटिंग दस्तावेज वे रिकॉर्ड्स मिले हैं। जांच जारी है संभव है जांच के दायरे में हॉकी इंडिया के कई और पदाधिकारी भी फंसते हुए नजर आएं।
ऐसे फंसे दस्तावेजों के जंजाल में
IOA अध्यक्ष बनने के बाद नरेन्द्र बात्रा को अपना चैंबर पसंद नहीं आया तो उन्होंने चैंबर का रेनोवेशन निजी खर्चे पर कर्ज के आधार पर करवा लिया और IOA के इंटरनल ऑडिटर मेसर्स वि के बजाज एंड कंपनी ने IOA की फिक्सड एसेट की फाइल पर नरेन्द्र बात्रा के हवाले से लिखा
“Taken on loan on returnanle from M/s Super Parts Pvt Ltd (SPPL) for the office of the President”
37.67 लाख रुपये मूल्य की सभी सामग्रियों की कीमत और संख्या भी फिक्सड एसेट के तौर पर लिखी गई। लेकिन इसके बाद IOA से हॉकी इंडिया के नाम पर चार बिल सामने आ गए। ये चार बिल में हुबहू उन्हीं सामग्रियों व उनकी कीमत दर्ज थी जिसे नरेन्द्र बात्रा ने लोन पर लिया गया बताया था। इसके बाद इस मामले पर ईमेल पर नरेन्द्र बात्रा ने अपना पक्ष रखा
“Regarding furniture’s in my room which is on loan to IOA and which I will take back at the end of my tenure”
मतलब साफ है कि लोन पर ली गयी सामग्रियां नरेन्द्र बात्रा की हैं और वे अपना टेन्योर खत्म होने के बाद इसे अपने साथ ले जाएंगे।
लेकिन दस्तावेज बताते हैं कि हॉकी इंडिया ने नरेन्द्र बात्रा के ऑफिस के रेनोवेशन के लिए नहीं बल्कि मथूरा रोड स्थित हॉकी इंडिया के एक अन्य कार्यालय के लिए उपरोक्त काम करने का वर्क ऑर्डर 7 कंपनियों/फर्मों को दिया था। इसके बावजूद 28 सितंबर 2018 को हॉकी इंडिया की ओर से आरके श्रीवास्तव और हॉकी इंडिया के तत्कालीन आजीवन सदस्य व आइओए अध्यक्ष नरेन्द्र बात्रा के बीच एक करार होता है और इस करार में फिक्सड एसेट की बात तो है लेकिन रिपेयरिंग के काम का कोई जिक्र नहीं है। इसकी मंजूरी हॉकी इंडिया के एक्जीक्यूटिव बोर्ड की मीटिंग में 30 सितंबर 2018 को किए जाने का दावा किया गया लेकिन हॉकी इंडिया के दस्तावेज बताते हैं कि 30 सितंबर की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा ही नहीं हुई थी क्योंकि एग्जीक्ूयटिव बोर्ड का जो एजेंडा व मिनट्स हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों के बीच दिया गया उसमें उपरोक्त करार की चर्चा तक नहीं है। साफ है कि हॉकी इंडिया के तत्कालीन अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह व सचिव मुश्ताक अहमद ने 30 सितंबर की बैठक का एक फर्जी दस्तावेज नरेन्द्र बात्रा व आरके श्रीवास्तव के साथ मिलकर तब तैयार किया जब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही थी।
IOA के कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय ने CBI को की थी कंप्लेन
इस पूरे मसले पर दस्तावेजों के साथ 28 फरवरी 2022 को IOA के कोषध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय ने CBI से की थी। जांचोपरांत 5 अप्रैल को CBI ने इस मामले में PE 0032022A0003 दर्ज कर लिया। पीई दर्ज करने के बाद हुई जांच के बाद शिकायत को सही पाते हुए CBI ने 14 जुलाई को आइपीसी की धारा 120बी, 409, 477ए और पीसी एक्ट की धारा 13 (2) 13(1) (a) के तहत चार नामजद आरोपियों नरेन्द्र ध्रुव बात्रा, आरके श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह, मुस्ताक अहमद के अलावा हॉकी इंडिया के अज्ञात पदाधिकारियों व अन्य लोगों के खिलाफ रेगुलर केस RC0032022A0044 दर्ज कर लिया है।
“ललीत भनोट जैसे गलत लोगों के हाथों की कठपुतली बन एक अच्छे व कुशल खेल प्रशासक नरेन्द्र ध्रुव बात्रा को इस दलदल में फंसते हुए देखकर दुःख हो रहा है लेकिन ये अन्य खेल प्रशासकों के लिए सबक है।”
आनंदेश्वर पांडेय, कोषाध्यक्ष, IOA