कैश अवॉर्ड DBT के माध्यम से सीधे अकाउंट में जाएगा फिर अभ्यास छोड़कर खिलाड़ियों को रांची आने पर क्यों किया गया मजबूर ?

खेल संघों के पदाधिकारी अब प्रशिक्षकों का हक मारने में जुटे, मिथ्या शपथ पत्र के माध्यम से कैश अवॉर्ड के लिए भर रहे आवेदन
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले जिन खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड देकर पुरस्कृत किया जा रहा है उन्हें निदेशालय के आदेश के आलोक में कम से कम एक दिन अभ्यास से दूर रहना ही होगा। निदेशालय ने सभी जिला खेल पदाधिकारियों (DSO) को ये सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि सभी 539 खिलाड़ी 4 अक्टूबर को ससमय रांची पहुंच जाएं। वो भी तब जब सभी खिलाड़ियों के DBT के जरिए पुरस्कार की राशि सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होगी। फिर खिलाड़ियों का चेहरा देखने के लिए खिलाड़ियों को उनके मूल कर्तव्य से विमुख होने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है ? दरअसल नया मुल्ला प्याज ज्यादा खाता है। अब चुनाव का समय नजदीक है कार्यक्रमों में भीड़ ना हो तो नेताओं को अनपच होना स्वाभाविक है। विभाग के “नए नए मंत्री बने बड़े नेता जी” को अनपच ना हो इसलिए देश व राज्य का नाम रौशन करनेवाले “छोटे छोटे खिलाड़ियों” को अभ्यास छोड़कर रांची बुलाने का फरमान जारी कर दिया गया। अभ्यास छोड़कर इस तरह के आयोजनों में शामिल होने से खिलाड़ियों को फायदा कम और शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और आर्थिक नुकसान ज्यादा होता है। इसे समझना ही होगा।

 

खेल से खिलवाड़ बंद होना चाहिए

4 अक्टूबर को 539 खिलाड़ियों को रांची बुलाया गया इससे पहले वर्कशॉप के बहाने 12 जिलों के प्रशिक्षकों को रांची बुलाया गया था। इस तरह के आयोजनों में तकनीकी तौर पर समझना होगा कि खिलाड़ी और प्रशिक्षक आम तौर पर सोमवार से शनिवार तय तय रूटीन के हिसाब मैदान पर पसीना बहाते हैं। आयोजन अगर बहुत जरूरी हों तभी खिलाड़ियों को बुलाया जाए। वर्ष 2016-17 से खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड व छात्रवृति DBT के माध्यम से दी जा रही है। आम तौर पर 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन सांकेतिक तौर पर दो चार खिलाड़ियों को बुलाकर “चेक” प्रदान किया जाता रहा है। पहली बार है कि लाभान्वित होनेवाले सभी खिलाड़ियों को भीड़ का हिस्सा बनने के लिए बुलाया गया है।