JSCA को अंततः जिला क्रिकेट संघों की आई याद, 1 लाख रुपए का अनुदान, टर्फ विकेट बनाने के लिए 1 लाख रुपए व रोलर देने का लिया फैसला

| रांची टीम sportsjharkhand.com |
बदली हुई परिस्थितियों में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट को अंततः जिला क्रिकेट संघों की याद आ ही गई। जिला संघों को खुश करने के लिए JSCA ने अपनी मुट्ठी थोड़ी सी खोल दी है। एक पखवाड़े पहले हुई बैठक में कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने निर्णय लिया है कि 2022-23 सत्र के लिए प्रत्येक जिला संघ को 1 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा जिसे ऑफिस सेट अप व अन्य कार्यों के उपयोग में लाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त 1 लाख रुपए जिला स्तर पर टर्फ विकेट बनाए जाने के लिए भी देने का निर्णय लिया गया है। सभी जिलों को टर्फ विकेट के लिए एक-एक रोलर भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है। टर्फ विकेट बनाने में JSCA तकनीकी सपोर्ट देगा और जिला स्तर पर ग्राउंडस्मैन को तैयार करने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी करेगा जिससे की विकेट और मैदान को दुरुस्त रखा जा सके। सभी जिलों को टर्फ विकेट के लिए मैदान तलाशने का निर्देश भी दिया जा चुका है।
फिजियो और ट्रेनर की टीम 23 जिलों में करेगी वर्कशॉप
नवंबर माह से क्रिकेट का स्थानीय सत्र शुरू होते ही JSCA द्वारा गठित फिजियो और ट्रेनर की दो टीमें सभी 23 जिलों में वर्कशॉप का आयोजन करेंगी। वर्कशॉप में क्रिकेटरों को चोट से बचने और चोट लगने की स्थिति में सरल उपायों के संदर्भ में प्रशिक्षित किया जाएगा। JSCA के फिजियो और ट्रेनर जिला स्तर पर कुछ लोगों को फिजियो की बेसिक ट्रेनिंग भी देंगे।
| ‘जिला स्तर पर टर्फ विकेट होंगे तो उसका फायदा क्रिकेटरों को मिलेगा। इसलिए JSCA ने सभी जिलों में प्राथमिकता के आधार पर कम से कम एक टर्फ विकेट बनाने का निर्णय लिया है’
देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा, सचिव JSCA |
जमशेदपुर की तर्ज पर सभी जिला लीग का खर्च वहन करने की तैयारी में JSCA
JSCA प्रत्येक जिले में आयोजित होनेवाले जिला क्रिकेट लीग का पूरा खर्च वहन करने की तैयारी में भी जुटा है। JSCA सूत्रों की माने तो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की समाप्ति के बाद इस विषय पर भी निर्णय की औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी। जिला संघ पिछले कई वर्षों से इसकी मांग दबी जुबान से करते आ रहे थे। अभी सिर्फ JSCA मुख्यालय जमशेदपुर में होनेवाली लीग का खर्च ही JSCA उठाता है। पता हो कि जिला क्रिकेट लीग के आयोजन के लिए फंड जुटाने में कई जिला संघों को “बाहरी” खिलाड़ियों का ही सहारा था।
रांची में 5 क्रिकेट मैदान के लिए MoU
राज्य व जिला स्तर पर खिलाड़ियों को खेलने के लिए स्तरीय टर्फ विकेट व मैदान उपलब्ध कराने के लिए JSCA ने राजधानी में 5 शिक्षण संस्थानों के साथ MoU करने का निर्णय लिया है। ऊषा मार्टिन विश्विद्यालय के साथ MoU हो चुका है। कई अन्य संस्थानों के साथ बातचीत हो चुकी और MoU की औपचारिकताएं बहुत जल्द पूरी कर ली जाएंगी। जिन पांच संस्थानों से MoU हो चुका है या करना है उनमें
1. ऊषा मार्टिन यूनिवर्सिटी
2. सफायर इंटरनेशनल स्कूल
3. टॉरियन वर्ल्ड स्कूल (बातचीत जारी)
4. जेके इंटरनेशनल, दलादिली
5. जेके इंटरनेशनल, नगड़ी शामिल हैं। 19 सितंबर को JSCA के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में जेके इंटरनेशनल, दलादिली में भूमि पूजन भी किया गया।

‘जेके इंटरनेशनल स्कूल JSCA जैसी संस्था से जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रही है। इससे राज्य के क्रिकेटरों को निश्चित रूप से फायदा मिलेगा’
जितेंद्र सिंह, डायरेक्टर, जेके इंटरनेशनल स्कूल