बोकारो उपायुक्त के दौरे के बाद DSO द्वारा किए गए दुर्व्यवहार से नाराज़ एथलेटिक्स के मुख्य प्रशिक्षक आशु भाटिया ने दिया इस्तीफा

बोकारो उपायुक्त के दौरे के बाद DSO द्वारा किए गए दुर्व्यवहार से नाराज़ एथलेटिक्स के मुख्य प्रशिक्षक आशु भाटिया ने दिया इस्तीफा
रांची/बोकारो

टीम sportsjharkhand.com 

शनिवार को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा के दौरे के दौरान हॉस्टल में खिलाड़ियों द्वारा खराब भोजन परोसे जाने की गई शिकायत के बाद जिला खेल पदाधिकारी (DSO) द्वारा किए गए दुर्व्यवहार से नाराज़ सेंटर फॉर एक्सीलेंस, चंदनकियारी के मुख्य प्रशिक्षक आशु भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार को छुट्टी के बावजूद आशु भाटिया ने अपना इस्तीफा झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) के कार्यकारी निदेशक शेखर जमुआर को प्रेषित कर दिया था। पत्र की प्रतिलिपि विभागीय सचिव, स्थानीय विधायक, निदेशक खेल और उपायुक्त बोकारो को भी भेज दी गई है। इस्तीफे की कॉपी sportsjharkhand.com के पास उपलब्ध है। भाटिया ने त्यागपत्र में लिखा है

“…..महोदय अत्यंत खेद के साथ अवगत कराना चाहता हूं कि विगत कुछ माह से प्रशिक्षण केंद्र पर कार्य करना अत्यंत मानसिक तनावपूर्ण हो गया है। विशेष रूप से जिला खेल पदाधिकारी, बोकारो द्वारा प्रशिक्षण कार्य में निरंतर हस्तक्षेप एवं प्रशासनिक अड़चनों के कारण कार्य संचालन में असुविधा उत्पन्न हो रही है। इससे न केवल मेरे मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, अपितु खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण कार्य भी बाधित हुए हैं।

इन प्रतिकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मैं स्वयं को इस पद पर कार्य करने में अब सक्षम नहीं पा रहा हूं। अतः मैं मुख्य प्रशिक्षक (चंदनकियारी, बोकारो) पद से स्वेच्छा से तत्काल प्रभाव त्याग पत्र दे रहा हूं।”

मुख्य प्रशिक्षक आशु भाटिया का त्यागपत्र

 

शनिवार को खराब खाने की शिकायत के बाद बिगड़ता चला गया मामला

शनिवार को उपायुक्त के दौरे के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने आवासीय सेंटर में खराब खाना खिलाए जाने की शिकायत की थी। इसपर उपायुक्त ने DSO को त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया था और उसे अपने सोशल साइट्स पर भी प्रमुखता से पोस्ट किया। उपायुक्त के जाने का बाद DSO के आदेश पर चंदनकियारी के दो प्रशिक्षकों ने शिकायत करनेवाले खिलाड़ियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई का डर दिखा जबरन एक पत्र पर हस्ताक्षर कराया गया, जिसपर लिखा था कि आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में अच्छा भोजन परोसा जा रहा है। इसके बाद sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि मंगलवार को DSO और उनके पति ने आशु भाटिया को फोन कर डराया और धमकाया। 

 

दो माह पहले भी DSO के इशारे पर फंसाने का हुआ था प्रयास

पता हो कि लगभग दो माह पहले भी DSO बोकारो के इशारे पर दो खिलाड़ियों ने आशु भाटिया पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। इस मामले को भी तूल देने का प्रयास किया गया था लेकिन जांच में अब तक कुछ भी साफ निकल कर सामने आया है।

 

इस्तीफे पर प्रशिक्षक आशु भाटिया और बोकारो DSO हेमलता का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखने तक उनका पक्ष नहीं मिल पाया है।