“ब्लू व्हेल” बॉक्सर अमीषा केरकेट्टा बनना चाहती थी मीडिल डिस्टेंस रनर… द्रोणाचार्य बीबी मोहंती की जिद से अमीषा बन गई अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर

"ब्लू व्हेल" बॉक्सर अमीषा केरकेट्टा बनना चाहती थी मीडिल डिस्टेंस रनर... द्रोणाचार्य बीबी मोहंती की जिद से अमीषा बन गई अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर

 

रांची/सिमडेगा

टीम sportsjharkhand.com 

आर्मेनिया में अपने पंच से विरोधियों को चारो खाने चित्त करनेवाली सिमडेगा, ठेठईटांगर प्रखंड के रेंगारी पंचायत के पाहन टोली के कच्चे मकान में रहनेवाली अमीषा केरकेट्टा जब अप्रैल 2018-19 सत्र में झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की अकादमी का हिस्सा बनीं तो उनका सपना था कि वे एक मीडिल डिस्टेंस एथलीट के तौर पर राज्य व देश का नाम रौशन करें लेकिन समय ने उसके लिए कुछ और तय कर रखा था। 2 अप्रैल 2008 को जन्मी अमीषा जब JSSPS अकादमी की प्रशिक्षु बनने के लिए ट्रायल दे रही थी तो “आशा वेलनेस” नामक संस्थान ने शारीरिक संरचना, बॉडी स्ट्रेंथ तथा माइंड व आई रिफ्लेक्शन के जांचोपरांत उसे एथलेटिक्स में मिडिल डिस्टेंस रनर बनने के लिए चयनित किया। इसके बाद अमीषा को एथलेटिक्स के कोच आशु भाटिया के पास प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। वहां अमीषा और आशा किरण बारला (वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय एथलीट) के साथ कोच आशु भाटिया के निर्देशन में 600 मीटर दौड़ का प्रशिक्षण लेने लगी और JSSPS के “ब्लू व्हेल” हाउस का हिस्सा बनीं। आशु बताते हैं कि अमीषा एक अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी है जो कभी भी प्रशिक्षण सत्र से अनुपस्थित नहीं रहती थी।

 

बीबी मोहंती ने बदली अमीषा की किस्मत, एक सही निर्णय से देश व राज्य को दो-दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मिले

इसी बीच JSSPS में बॉक्सिंग की अकादमी हुई और प्रशिक्षक के रूप में द्रोणाचार्य अवॉर्डी बीबी मोहंती की नियुक्ति 30 जुलाई 2018 को हुई। मेगा स्पोर्ट्स परिसर में बॉक्सिंग के खेल के लिए कहीं भी जगह चिन्हित नहीं थी इसलिए अभ्यास कहां हो यही तय करने में कई माह गुजर गए। उसके बाद एथलेटिक्स के 9 बच्चे एक माह के ट्रायल पर बॉक्सिंग कोच मोहंती के पास भेजे गए। इसी बीच एक दिन कोच मोहंती की पारखी नजर एथलीट का प्रशिक्षण ले रही लंबे हाथों, लंबे पंजों और चपटी नाक वाली अमीषा पर पड़ी। बीबी मोहंती ने एथलेटिक्स के कोच आशु भाटिया को उपरोक्त गुण बताते हुए आग्रह किया कि इस बच्ची को एक माह के लिए ट्रायल बेसिस पर बॉक्सिंग अकादमी में भेजा जाए। दोनों कोच ने इसपर सहमति जताई और 5 साल बाद ये निर्णय ऐतिहासिक साबित हो रहा है। दो दोस्तों में पहली आशा किरण 800 मीटर में इतिहास रच रही हैं और दूसरी अमीषा 54 किलो वर्ग में बॉक्सिंग रिंग में अपने पंचों से तहलका मचा रही हैं।

 

आशु ने जब अमीषा को एक माह के लिए बॉक्सिंग की ट्रेनिंग पर भेजा तो खूब रोई थी अमीषा

दोस्त आशा किरण बारला और एथलेटिक्स कोच रहे आशु भाटिया बताते हैं कि जब अमीषा को एक माह के लिए बॉक्सिंग के प्रशिक्षण पर भेजा गया तो वो खूब रोई थी। अमीषा ने इसकी शिकायत अपने कोच आशु भाटिया से भी की थी। इस बीच शानदार रिफ्लेक्शन और पंच का पोटेंशियल देख बॉक्सिंग कोच बीबी मोहंती ने आशु भाटिया से कहा था कि इस बच्ची में मेडलिस्ट बनने का पोटेंशियल है। अमीषा का भी मन बॉक्सिंग में रम गया और पांच साल पहले देखे गए सपने आज सच हो रहे हैं।

 

JSSPS की बॉक्सिंग अकादमी का भविष्य उज्ज्वल : बीबी मोहंती

बीबी मोहंती

द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच बीबी मोहंती बताते हैं कि अमीषा की सफलता तो तय ही थी सिर्फ समय का इंतजार था। अमीषा के अलावा JSSPS की बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे संतोष महतो, सहेंद्र उरांव, अभय तिर्की और अंकुश कुमार महतो जैसे मुक्केबाज भी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराएंगे।

 

बेटे की पढ़ाई अच्छे तरीके से हो इसलिए मां मुंबई में दाई और पिता करते हैं किसानी

सिमडेगा के ठेठईटांगर प्रखंड के रेंगारी पंचायत के पाहन टोली जब sportsjharkhand.com की टीम पहुंची तो अमीषा के पिता दिलीप केरकेट्टा धान पसारने में व्यस्त थे। वे बिटिया की उपलब्धि से खुश हैं लेकिन साल भर पेट पालने की चिंता भी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। गांव के हालात भगवान भरोसे ही है। ना तो पक्की सड़क, ना ही बिजली अन्य सुविधाओं की बात तो बेमानी ही है। अमीषा के पिता लकड़ियां जलाकर ही खाना बनाने को मजबूर हैं। लेकिन इतने अभाव के बावजूद बेटे की अच्छी तरीके से पढ़ाई हो जाए इसलिए मां प्रभा केरकेट्टा मुंबई में दाई का काम कर रही हैं। अमीषा का भाई सिमडेगा में रहकर नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।

 

पूर्व खेल मंत्री अमर बाउरी की पहल पर मिला  JSSPS बॉक्सिंग अकादमी का हॉल व दो बॉक्सिंग रिंग

बीबी मोहंती बताते हैं कि जुलाई 2019 में JSSPS के निरीक्षण के दौरान तत्कालीन खेल मंत्री अमर कुमारी बाउरी के संज्ञान में ये बात आई कि बॉक्सिंग प्रशिक्षण के लिए जगह को लेकर काफी परेशानी हो रही है। कभी इस स्टेडियम और कभी उस स्टेडियम में प्रशिक्षण हो रहा है। प्रशासनिक भवन के निचले तल्ले पर स्थित हॉल में पुलिसकर्मियों का कब्जा था। उसे मंत्री जी के निर्देशानुसार दो दिन की नोटिस पर खाली कराया गया और रंगरोगन के बाद अगस्त माह में निचले तल्ले पर बॉक्सिंग को अपना हॉल मिला। इसके बाद 2011 में हुए राष्ट्रीय खेलों के दौरान खरीदे गए और जमशेदपुर में पड़े एक बॉक्सिंग रिंग को भी तत्कालीन खेल मंत्री के निर्देश पर लाया गया। प्रशिक्षण शुरू हो गया। फिर दूसरा रिंग बोकारो से अमर बाउरी और गोपाल ठाकुर जी के सहयोग से नवंबर 2019 में आया। इसके बाद से प्रशिक्षण सही तरीके से प्रारंभ हुआ और अब सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं।