JSCA के CCC से जुड़े रहे समस्त निदेशक, अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज की जांच की जद में

| रांची |
कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय द्वारा गठित कमिटी ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) पर जांच के दौरान पूर्व व वर्तमान निदेशक, अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष समेत लगभग डेढ़ दर्जन पदाधिकारियों पर शिकंजा कस दिया है। कई पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जा चुकी है जबकि कई पदाधिकारी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। नोटिस लगभग एक सप्ताह पहले से मिलने शुरू हुए हैं, जो अब तक भेजे जा रहे हैं।
पता हो कि कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय ने 7 मार्च को सेवानिवृत्त IPS अधिकारी और दिवंगत अमिताभ चौधरी की पत्नी निर्मला कौर द्वारा दर्ज की गई शिकायत के बाद क्षेत्रीय निदेशक को कंट्री क्रिकेट क्लब के प्रबंधन की जांच करने का निर्देश दिया था।
नोटिस के बाद से मचा हड़कंप
CCC पूर्व व वर्तमान निदेशक, अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष को नोटिस मिलने के बाद कई पदाधिकारियों का BP और शुगर लेबल अचानक बढ़ गया है। कई हाइपर टेंशन के भी शिकार हो गए हैं। वहीं कुछ पदाधिकारी निश्चिंत हैं कि जब उन्होंने कोई गलती ही नहीं की तो डर किस बात का।