आजमानी इंफ्रा ने टेंडर की शर्तों से परे जाकर हॉकी स्टेडियम में लगे LED स्क्रीन की ओवर बिलिंग की, निदेशक महोदय ने ओवर बिलिंग को सही ठहराते हुए किया भुगतान

जिस झारखंड में प्रत्येक तीसरा नागरिक मात्र 30 रुपए प्रतिदिन में गुजर बसर करने को विवश हो, वहां 550 VVIP/VIP और उनके सेवकों के "बड़ा भोज" पर खेल निदेशालय ने खर्च कर डाले 1.04 करोड़ रुपए
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

 

झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 आयोजन के दौरान प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता – भाग 4

झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 के दौरान मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में लगी LED स्क्रीन भी घपले घोटाले से नहीं बच पाई। सरकारी अफसरों और आजमानी इंफ्रा की मिलीभगत से LED स्क्रीन के नाम पर 5.02 लाख रुपए का वारा न्यारा हो गया। निदेशालय ने जो टेंडर निकाला था, उसमें 8 दिनों के लिए LED स्क्रीन का रेट मांगा गया। आजमानी इंफ्रा ने जो वित्तीय प्रस्ताव दिया उसमें भी 8 दिन का रेट शामिल था। निदेशालय ने जो वर्क ऑर्डर दिया उसमें भी 8 दिन LED स्क्रीन लगाने का जिक्र था और तो और आजमानी इंफ्रा ने जो बिल जमा किया उसके आइटम की सूची में भी 8 दिन साफ साफ दर्ज है लेकिन अमाउंट कैलकुलेशन में 12 दिन का रेट जोड़ दिया गया। जिला खेल पदाधिकारियों और खेल निदेशक ने इसे सही ठहराते हुए भुगतान भी कर दिया। इन 4 अतिरिक्त दिनों के एवज में सरकार के राजस्व को 5 लाख 1 हजार 500 रुपए की चपत लग गई। पता हो कि प्रतियोगिता का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हुआ था जिसमें मैचों का आयोजन मात्र 7 दिन ही हुआ था।

 

सिलसिलेवार LED के बिल में ऐसे हो गया खेल

30 सितंबर : LED स्क्रीन समेत अन्य 50 वस्तुओं का टेंडर जारी। LED स्क्रीन के लिए 8 दिन का रेट मांगा गया।

7 अक्टूबर : आजमानी इंफ्रा ने प्रतिदिन के हिसाब से LED स्क्रीन का 8 दिन के लिए रेट डाला

9 अक्टूबर : निदेशक सुशांत गौरव ने 8 दिन के लिए LED लगाने का कार्यादेश (पत्रांक – क्री. नि.-06/आयोजन -05/2023/42/नि.को) दिया (देखें संबंधित अंश)

वर्क ऑर्डर का संबंधित अंश

7 नवंबर : अजमानी इंफ्रा ने 8 दिन की बजाय 12 दिन का बिल बना निदेशालय में जमा किया (देखें बिल के संबंधित पन्ना में लाल घेरा)

आजमानी इंफ्रा द्वारा जमा बिल, जिसमें आइटम सेक्शन में साफ लिखा है 8 दिन लेकिन बिल 12 दिन का कैलकुलेट किया गया है

 

25 नवंबर : रांची, रामगढ़ और सिमडेगा के जिला खेल पदाधिकारियों ने 12 दिन के बिल को सत्यापित किया

12 फरवरी : खेल निदेशक सुशांत गौरव ने भी क्रॉस वेरिफाई करते हुए 12 दिन को सही मान भुगतान कर दिया

फुटबॉल स्टेडियम में लगे LED का 10 दिनों और हॉकी स्टेडियम में लगे LED का भुगतान 12 दिनों के लिए

27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चली प्रतियोगिता के दौरान हॉकी स्टेडियम और फुटबॉल स्टेडियम में LED स्क्रीन लगाई गई थी। जब भुगतान की बारी आई तो फुटबॉल स्टेडियम में लगाई गई LED का भुगतान 10 दिनों के लिए किया गया जबकि हॉकी स्टेडियम की LED के लिए 12 दिनों का भुगतान किया गया। एक ही काम के लिए लिए गए सामग्री के भुगतान में अलग अलग मापदंड क्यों अपनाया गया निदेशक महोदय ? पता हो कि फुटबॉल स्टेडियम के LED बिल को धनबाद और लोहरदगा के जिला खेल पदाधिकारियों ने सत्यापित किया है। (देखें तस्वीर)

फुटबॉल स्टेडियम में लगी LED का बिल, जिसमें 10 दिन का रेट दर्ज है


 

हमारी विशेष कवरेज जारी रहेगी, शुक्रवार को पढ़िए

बिल पर दर्ज एड्रेस पर कितने वर्षों से गायब है बीके ट्रेवल्स का ऑफिस ?

जब सरकार ने 8 मई 2023 से ही कैंसिल कर दिया है GST फिर भी निदेशालय से बीके ट्रेवल्स ने कैसे वसूल लिया GST ?

सिर्फ और सिर्फ sportsjharkhand.com पर