“स्कूली खेल” आयोजन में शिक्षा विभाग खेल निदेशालय से 2-0 से आगे ! SGFI के बाद अब सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कराएगा शिक्षा विभाग

| रांची |
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के खेल आयोजन के बाद अब शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी कराएगा। इस निमित्त विभागीय सचिव ने मंगलवार को प्री सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन की तिथियां निर्धारित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है। SGFI खेलों के बाद ये दूसरा आयोजन है जो खेल निदेशालय की बजाय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग आयोजित करेगा। सुब्रतो कप प्रतियोगिता का आयोजन 19 सितंबर से 23 अक्टूबर तक बेंगलुरु में आयोजन होना है। इसके लिए राज्यस्तरीय टीम के निबंधन की आखिरी तारीख 10 अगस्त निर्धारित है। शिक्षा विभाग के सचिव ने पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, खेल सचिव व सभी उपायुक्तों को भी प्रेषित की है।
प्रतियोगिता का शेड्यूल इस प्रकार है
प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता – 20 से 22 जुलाई तक, प्रखंड मुख्यालय में
जिला स्तरीय प्रतियोगिता – 24 से 26 जुलाई तक, जिला मुख्यालय में
प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता – 29 से 31 जुलाई तक, प्रमंडल मुख्यालय में
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता – 3 से 5 अगस्त तक, रांची में
शिक्षा विभाग व खेल निदेशालय के बीच “स्कूली खेल” आयोजन में शिक्षा विभाग 2-0 से आगे
पिछले छह माह से शिक्षा विभाग और खेल निदेशालय के बीच “स्कूल खेल” आयोजन को लेकर चल रहे शीत युद्ध में शिक्षा विभाग अभी 2 के मुकाबले शून्य गोल से आगे चल रहा है। बहुत जल्द दोनों ही विभागों के बीच नेहरू कप हॉकी को लेकर “तीसरा मुकाबला” भी होने की प्रबल संभावना है। शिक्षा विभाग के वर्तमान फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि तीसरा मुकाबला भी एकतरफा ही होने जा रहा है क्योंकि शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर मुख्य सचिव के स्तर से भी मुहर लग गई है। औपचारिक घोषणा शेष है।
खेल निदेशक की ओर से कई प्रखंडों में शुरू हो चुकी है प्रतियोगिता
शिक्षा विभाग और खेल निदेशालय के बीच चल रही लड़ाई में नुकसान आम लोगों की गाढ़ी कमाई का हो रहा है। दोनों विभाग एक ही आयोजन पर अलग अलग खर्च कर रहे हैं। इसे किसी भी तर्क से सही नहीं ठहराया जा सकता है। अब आयोजन शिक्षा विभाग कराएगा लेकिन इससे पहले ही कई प्रखंडों में आयोजन सम्पन्न हो चुका है या आयोजन जारी है।