दर्जनों हरे पेड़ काटे जाने संबंधी खबर छपने के बाद सच को छुपाने में जुटा JSSPS प्रबंधन, शूटिंग रेंज से कटे हुए दो पेड़ कर दिए गए “तड़ीपार”, ठूंठों को काटकर मिटाया जा रहा साक्ष्य

| रांची |
सोमवार को sportsjharkhand.com पर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के शूटिंग रेंज के दर्जनों पेड़ काटे जाने की खबर प्रकाशित होने के बाद गलतियों को छुपाने के लिए एक के बाद एक कुकर्म किया जा रहा है। झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के लोकल मैनेजमेंट कमिटी की मिलीभगत से खबर छपने के बाद जमीन पर गिरे दो पेड़ों को टुकड़े टुकड़े में काटकर “गायब” कर दिया गया है। (देखें तस्वीरें) 👇🏻

पेड़ की कुछ टहनियां और तने के टुकड़े बाउंड्री वॉल के पार दीवारों से सटा कर रख दी गई हैं, जिसे अगले एक दो दिनों में उन्हें भी “निपटाया” जा सके। (देखें तस्वीरें) 👇🏻

यही नहीं पेड़ काटे जाने के बाद बचे ठूंठों को भी काटा जा रहा है जिससे कि पेड़ काटे जाने के सबूत मिटाए जा सकें। (देखें तस्वीरें) 👇🏻

सब कुछ LMC के कुछ काबिल अधिकारियों के इशारे पर किया जा रहा है लेकिन सच को छुपाया नहीं जा सकता।
पत्रकारों/छायाकारों के प्रवेश पर रोक
सोमवार को खबर छपने के बाद LMC के कुछ कबीलांठ अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों को मौखिक आदेश दिया कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कोई भी पत्रकार (छायाकार/कैमरामैन समेत) प्रवेश न कर सके। इसके बाद सभी गेट बंद रखे जाने लगे हैं और पूछताछ के बाद ही इंट्री दी जा रही है। पत्रकारों को कहा जा रहा है कि आप LMC के अधिकारियों से परमिशन लेकर आएं तभी इंट्री मिलेगी। बुधवार को एक समाचार चैनल के रिपोर्टर और कैमरामैन के साथ भी यही हुआ। खुद की नाकाबिलियत को छुपाने के लिए इस तरह का कुकृत्य किया जा रहा है। बुधवार की शाम sportsjharkhand.com की टीम को भी टूटी हुई बाउंड्री के जरिए ही शूटिंग रेंज में प्रवेश करना पड़ा। नाम न छापने की शर्त पर दर्जनों सुरक्षाकर्मियों के बताया कि पत्रकारों के कॉम्प्लेक्स में घुसने पर पाबंदी को सख्ती से लागू करने का आदेश है। हमारी मजबूरी समझिए और सहयोग कीजिए नहीं तो हमारी रोज़ी रोटी पर भी आफत आ जाएगी।