JSCA चुनाव के बाद अब सितंबर में संभावित CCC चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, व्हाट्सएप ग्रुप बना दावेदारी पेश कर रहे संभावित प्रत्याशी

| रांची |
मई में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के हाई प्रोफाइल चुनाव के बाद अब सितंबर में संभावित कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित ग्रुप और प्रत्याशी व्हाट्सएप ग्रुप बना अपनी उम्मीदवारी की मुनादी करने में जुट गए हैं। दो दिन पहले ही Krishna Singh for CCC President- 2025 नामक एक ग्रुप गठित हुआ। इसमें CCC के मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया चालू है। कृष्णा सिंह स्व अमिताभ चौधरी के स्कूल के जमाने के मित्र हैं और मूल रूप से पटना के रहनिहार हैं। कृष्णा सिंह का जुड़ाव ब्रिवेट नामक कंपनी से भी रहा है जिसने JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम स्थित CCC के सभी कमरों और लॉबी की साज सज्जा और फर्नीचर का काम किया था। इस कंपनी का मुख्यालय कोलकाता बताया जाता है। जानकारी के अनुसार कृष्णा सिंह को CCC के चुनाव में स्व अमिताभ चौधरी के कुछ “चेलों” का समर्थन प्राप्त है। JSCA के चुनाव में “ओवर कॉन्फिडेंस के दूध” से जले “चेलों” को “कृष्णा मट्ठे” से ठंडक की आस है।

JSCA में सत्ताधारी अजय गुट को जीत का भरोसा
एक ओर जहां दावेदारी का सिलसिला जारी है वहीं JSCA में सत्ता पर काबिज अजय नाथ साहदेव गुट को भरोसा है कि वे और उनके समर्थकों को CCC के मतदाताओं का भी साथ मिलेगा। इस गुट को अपनी टीम की चट्टानी एकता पर भरोसा है। पूरी संभावना है कि JSCA चुनाव में जिन साथियों ने निस्वार्थ रूप से टीम की मदद की थी उनमें से ज्यादातर लोगों को CCC चुनाव में प्रत्याशी बनाया जाएगा।
CCC चुनाव के लिए IPS अखिलेश झा के समर्थकों ने भी कसी कमर
मई में JSCA चुनाव के एकतरफा परिणाम के बाद आशा थी कि CCC के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान की नौबत नहीं आएगी। वर्तमान में बन रही परिस्थितियां अब चुनाव को अवश्यंभावी बनाती हुई दिख रही हैं। “शैडो सरकार” चलाने के बाद पदमा में “वनवास” झेल रहे IPS अखिलेश झा तो मजबूरी में ही सही लेकिन दर्शक की भूमिका में रहेंगे लेकिन उनके समर्थक चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। जानकारी मिल रही है कि इस टीम की एक अनौपचारिक बैठक हो चुकी है और संभावित प्रत्याशियों का खाका तैयार किया जा रहा है। इस गुट की नजर दूसरे गुट से नाराज चल रहे वैसे लोगों पर भी है जो JSCA चुनाव और उसके बाद गठित होनेवाली कमिटियों में संभावित हिस्सा नहीं मिलने से थोड़े नाराज चल रहे हैं। जानकारी मिल रही है कि 16 अगस्त को स्व अमिताभ चौधरी की तीसरी पुण्यतिथि के बाद चुनावी दंगल के पहलवानों के नाम की घोषणा भी सार्वजनिक कर दी जाएगी।