BCCI ने झारखंड के 75 में से 69 क्रिकेटरों को U 16 क्रिकेट के लिए ठहराया ओवर एज, खेलने पर लगाई रोक, JSCA के पदाधिकारियों ने थामी चुप्पी

| रांची |
विजय मर्चेन्ट ट्रॉफी में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के संभावित 75 क्रिकेटरों में से 69 क्रिकेटरों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ओवर एज ठहराते हुए खेलने के अयोग्य करार दिया है। इन सभी खिलाड़ियों की अयोग्यता सत्र 2024-25 से प्रभावी होगी। 2023-24 के सत्र के लिए भी उक्त 75 खिलाड़ियों में से 21 खिलाड़ियों को ओवर एज पाया गया है। BCCI ने इसकी आधिकारिक सूची JSCA को भेजी है और JSCA इसपर खामोश बैठा है। इतनी बड़ी संख्या में ओवर एज खिलाड़ी पाए जाने की खबर सामने आने के बाद JSCA के पदाधिकारियों की जुबान सील सी गई है। sportsjharkhand.com ने उनका पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष कुछ भी बोलने को तैयार नहीं दिखे।
BCCI के नए नियमों के हिसाब से अयोग्य क्रिकेटरों ये संख्या और बढ़ेगी
BCCI के नए नियमों के अनुसार उम्र के लिए कम से कम तीन वर्ष पुराना दस्तावेज (आधार कार्ड या स्कूल का दस्तावेज) होना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में JSCA के 75 क्रिकेटरों में से संभावना ये भी है कि 2024-25 सत्र के लिए ओवर एज क्रिकेटरों की संख्या 69 से बढ़कर 71 हो जाए और 2023-24 सत्र के लिए योग्य क्रिकेटरों की संख्या 54 से घटकर मात्र 19 पर आ जाए। क्योंकि क्रिकेटरों ने जो उम्र संबंधित दस्तावेज BCCI को सौंपे हैं, उनमें से 38 योग्य क्रिकेटरों के दस्तावेज 2021 या उसके बाद के हैं।

BCCI के एज वेरिफिकेशन डिपार्टमेंट की जांच में हुआ खुलासा
उम्र फ्रॉड की बढ़ती शिकायतों को लेकर BCCI काफी गंभीरता बरत रहा है इसलिए BCCI ने सत्र शुरू होने से पहले ही सभी राज्य संघों से अगले दो वर्षों के दौरान विजय मर्चेंट ट्रॉफी U 16 प्रतियोगिता के संभावित खिलाड़ियों की सूची मांगी थी। सूची मिलने के बाद एज वेरिफिकेशन डिपार्टमेंट ने जांच कराई और JSCA में कम उम्र कराकर खेलने का घिनौना मामला सबके सामने आ गया है।
JSCA में ये उम्र का ये खेल उच्च पदस्थ लोगों द्वारा संपोषित होता रहा है
JSCA का इतिहास रहा है कि जो “चोरी” करता है, उसे ही “थाने” की जिम्मेवारी सौंप दी जाती है। JSCA की वर्तमान कमिटी ऑफ मैनेजमेंट में कम से कम चार ऐसे पदाधिकारी ऐसे हैं, जिनपर अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हुए हैं। यही हाल ज्यादातर जिलों का है, जिसने JSCA के पदाधिकारियों को खुश कर “चोरी” में पारंगता हासिल की, उन्हें जिले का थानेदार बना दिया गया। बदली हुई परिस्थिति में JSCA को एक्ट करने की जरूरत है वरना बहुत देर हो जाएगी।
नोट : क्रिकेटरों के भविष्य को देखते हुए हम किसी का भी नाम सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं।