फाइलों के मकड़जाल में फंसा 438 खिलाड़ियों का निवाला, JSSPS के कैडेट्स को तीन माह के फूड स्टाइपेंड का इंतजार

फाइलों के मकड़जाल में फंसा 438 खिलाड़ियों का निवाला, JSSPS के कैडेट्स को तीन माह के फूड स्टाइपेंड का इंतजार

हमारा लक्ष्य, ओलंपिक गोल्ड का सपना देखने व दिखानेवाले सीसीएल के अफसरों ने फाइलों को ऐसा होल्ड किया कि झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के 438 कैडेट्स के लिए पिछले तीन माह के फूड स्टाइपेंड का पैसा “रिटायर्ड हर्ट” हो गया। बच्चे सुबह से शाम तक टैब पर मैसेज बाॅक्स दिन-रात खंगालते हैं कि शायद पैसे अकाउंट में आ गए हों लेकिन निराशा ही हाथ लगती है। अकादमी के संचालन का जिम्मा संभालनेवाले लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) के CEO विद्यार्थी से जब sportsjharkhand.com ने पूछा तो उन्होंने डंके की चोट पर बताया कि अक्टूबर से लेकर अप्रैल तक सभी कैडेट्स को फ़ूड स्टाइपेंड का भुगतान कर दिया गया है। जब हमने CEO को बताया कि फरवरी तक का ही भुगतान हुआ है तो उनके होश फाख्ता हो गए। उन्होंने कहा कि मैं अपने साथ के तमाम अफसरों से क्राॅस कंफर्म कर आपको तुरंत फोन करता हूं। खबर लिखे जाने तक फोन नहीं आया है और आने की संभावना भी नहीं है क्योंकि लगभग एक माह से भुगतान की फाइल सीइओ के टेबल पर धूल फांक रही है। दूसरी ओर रांची के एक थाने में सीएम के साथ अपनी तस्वीर का रौब दिखाने का असफल प्रयास करनेवाला एक बयानवीर 438 कैडेट्स के नाम पर अखबार की कतरनों पर किए गए झूठे प्रवचनों को फेसबूक पर डाल अपने सपनों को साकार करता है और कैडेट्स मैसेज बॉक्स में रोजाना अपने सपने को घुट-घुट कर टूटते हुए पाते हैं।

 

सफेद झूठ

 

“सभी कैडेट्स को अक्टूबर 2020 से लेकर अप्रैल 2021 तक के फ़ूड स्टाईपेंड का भुगतान कर दिया गया है।”

विद्यार्थी, CEO LMC

 

 

कैडेट्स को अब तक सिर्फ जनवरी व फरवरी माह के फूड स्टाइपेंड का हुआ भुगतान

 

LMC की ओर से 438 कैडेट्स में से 431 कैडेट्स को जनवरी व फरवरी माह के फूड स्टाइपेंड का भुगतान किया गया है। JSSPS की ओर से दोनों माह की स्टाइपेंड की कुल राशि 25 लाख 86 हजार रुपये 20 मार्च 2021 को बच्चों के एकाउंट में ट्रांसफर की गयी थी। बच्चों के अकाउंट में एक साथ छह-छह हजार रुपये ट्रांसफर हुए। इसके बाद से भुगतान की फाइल टेबल दर टेबल घूम रही है लेकिन भुगतान नहीं हो पाया है।

 


 

गवर्निंग काउंसिल ने अगस्त में दी थी हरी झंडी

वैश्विक महामारी कोरोना को लेकर कैडेट्स का प्रशिक्षण बंद था ऐसे में अगस्त में JSSPS में नीतिगत मामलों में फैसला लेने के लिए अधिकृत सर्वोच्च संस्था गवर्निंग काउंसिल ने फैसला लिया था कि अक्टूबर माह से प्रति कैडेट्स 3000 रुपये प्रतिमाह फूड स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएं। जिससे की खिलाड़ी पौष्टिक भोजन कर सकें। पता हो कि कैडेट्स को पहले से ही स्टाइपेंड के तौर पर 500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते रहे हैं।

 


 

जो कैडेट्स हाॅस्टल के मेस में खाना खा रहे थे उन्हें भी दिया गया फूड स्टाइपेंड का पैसा

 

नवंबर में सरकार ने अकादमी शुरू करने का परमिशन दिया। प्रशिक्षण की शुरूआत 50 कैडेट्स से हुई और 8 मार्च 2021 को जब अकादमी बंद की गयी तो 273 कैडेट्स 154 बालक व 119 बालिका प्रशिक्षण ले रहे थे। 20 मार्च को जब जनवरी व फरवरी के फूड स्टाइपेंड का भुगतान हुआ तो 431 कैडेट्स को राशि ट्रांसफर कर दी गयी। जबकि जनवरी-फरवरी में 273 में से ज्यादातर कैडेट्स हाॅस्टल में खाना भी खा रहे थे। ऐसे में 273 कैडेट्स को दोहरा लाभ मिला दूसरी ओर 165 कैडेट्स जो एक साल पहले मार्च 2020 से ही अपने घर पर हैं, ज़ाहिर है उन्हें सिर्फ फ़ूड स्टाईपेंड का ही लाभ मिला वे प्रशिक्षण व मेस के निःशुल्क भोजन से दूर ही रहे।