27 मई को रांची में JOA का चुनाव

27 मई को रांची में JOA का चुनाव

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड ओलिम्पिक एसोसिएशन का AGM सह चुनाव आगामी 27 मई को रांची में होना तय हो गया है। कांके रोड स्थित हॉलिडे होम होटल में आयोजित होनेवाले AGM सह चुनाव की आधिकारिक घोषणा बुधवार या गुरुवार को होनी है। 4 वर्षों के अंतराल पर होनेवाले इस चुनाव में कई पदाधिकारियों के पर कुतरने की प्रबल संभावना परिलक्षित होती हुई नज़र आ रही है। मार्च 2017 में JOA ने मान्यताप्राप्त खेल संघों को बकाये के भुगतान का नोटिस थमा चुनाव की घंटी बजा दी थी। 2001 में अस्तित्व में आने के बाद JOA का चेहरा नही बदला है लेकिन चुनाव में किसकी-किसकी घंटी बजती है, देखना रोचक होगा।

त्रिदेव अब बनेंगे द्विदेव !

टॉप के तीन पदों अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के पदों पर 2001 के बाद पहली बार बदलाव के आसार दिख रहे हैं। sportsjharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद पर तो कोई बदलाव नही होगा लेकिन महासचिव और कोषाध्यक्ष के चेहरे बदलने तय हैं। 

31 पदों के लिए होंगे चुनाव !

अगस्त 2015 में IG रजिस्ट्रार के यहां निबंधित होने के बाद पहली बार JOA के चुनाव होने जा रहे हैं। इनमें से एक अध्यक्ष 6 वरीय उपाध्यक्ष, 8 उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक प्रशासनिक सचिव (मुख्यालय से बाहर का महासचिव होने पर), 6 सचिव और 6 सहायक सचिव के लिए चुनाव होने हैं। इसके अलावा 10 कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी चुने/नामांकित किये जायेंगे।

परिवाररहित बनेगी नई कमिटी !

3 साल से डिफंक JOA को नए रूप में सामने लाने के लिए इस बार कुछ नए प्रयोग/प्रावधान करने की तैयारी भी की जा रही है। इस बार चुनाव में परिवारवाद को खत्म करने के लिए एक परिवार एक पद का फार्मूला बनाने की तैयारी हो रही है। एक परिवार एक पद के लागू हो जाने से कई अनुज खुद-ब-खुद बाहर हो जाएंगे।