“रिंग मास्टरों” के आदेश पर JSCA के CCC चुनाव में राजेश वर्मा बॉबी और सुनील साहू गुट के 26 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) पर कब्जे की चुनावी बिसात बिछ गई है। “रिंग मास्टरों” के आदेश पर दोनों गुटों के प्रत्याशियों ने करतब दिखाते हुए नामांकन दाखिल कर दिया है। शुक्रवार को सुनील साहू की अध्यक्षतावाली 13 सदस्यीय टीम के नामांकन के बाद शनिवार को राजेश वर्मा बॉबी की अध्यक्षतावाली 13 सदस्यीय टीम ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन की आखिरी तारीख 12 नवंबर है और इस बात की संभावना बहुत कम है कि कोई और नामांकन दाखिल हो। दोनों गुटों के नामांकन के बाद तय हो गया है कि CCC के 11 सालों के इतिहास में पहली बार चुनाव होंगे। इससे पहले कभी भी चुनाव की नौबत नहीं आई थी और समस्त निर्वाचन सर्व सम्मति से ही होता रहा था। पता हो कि CCC में अध्यक्ष के एक पद और कार्यसमिति के 12 पदों के लिए चुनाव होते हैं। निर्वाचित सभी 13 सदस्य मिलकर उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सहायक सचिव और सहायक कोषाध्यक्ष का चुनाव करते हैं।
ये दो गुट हैं आमने सामने
राजेश वर्मा बॉबी (अध्यक्ष)
अजीत कुमार, अर्चित आनंद, अर्फी आलम, भानु प्रताप सिंह, गुरदयाल सिंह नामधारी, इंद्र शेखर, नितिन कुमार सर्राफ, पवन कुमार, राजीव रंजन, राहुल झा, संजय पांडे, सुशील कुमार व विशाखा झा.
सुनील साहू (अध्यक्ष)
विभूति भूषण प्रसाद अमर, बिनय कुमार कर्ण, दिनेश कुमार सिंह, जयकुमार सिन्हा, मो राशिद, राजेश कुमार शर्मा रोमी, राजदीप सिंह, रूद्र देव कुमार, संजय कुमार विद्रोही, श्वेता बुधिया, सुनील कुमार सिंह.
दोनों गुटों के प्रत्याशी अपने-अपने “रिंग मास्टरों” के भरोसे
CCC के चुनाव की खास बात ये है कि दोनों गुटों के प्रत्याशी अपने अपने “रिंग मास्टरों” के इशारे पर चुनावी करतब करते हुए नजर आ रहे हैं। सुनील साहू गुट के प्रत्याशियों को “रिंग मास्टर”
JSCA अध्यक्ष संजय सहाय और पूर्व उपाध्यक्ष संजय सिंह कंट्रोल कर रहे हैं। वहीं राजेश वर्मा बॉबी गुट को “रिंग मास्टर” IPS अखिलेश झा और JSCA के पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शहदेव गाइड कर रहे हैं। अपनी अपनी “रोजी रोटी” बचाने को व्याकुल कई सदस्य पूरी निष्ठा से “सहायक रिंग मास्टर” की भूमिका निभाने में जुटे हुए हैं।