राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 178 खिलाड़ियों को मिलेगा उनका हक, नकद पुरस्कार से किए जाएंगे सम्मानित

| रांची |
पिछले दो वर्षों से कैश अवॉर्ड की बाट जोह रहे 178 अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों का हक यानी कैश अवॉर्ड दिए जाए की तैयारी खेल निदेशालय ने कर ली है। निदेशालय की ओर से खिलाड़ियों के नाम और उनको मिलनेवाली रकम की सूची तैयार कर ली गई है। गुजरात में हुए 36 वें राष्ट्रीय खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, विश्व कप, एशियन चैंपियोशिप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को कैश पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में माननीय मुख्य मंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री हफीजुल हसन समेत कई आलाधिकारियों के मौजूद रहने की संभावना है।
प्रशिक्षकों को करना पड़ सकता है इंतजार
जानकारी के अनुसार 29 अगस्त को आयोजित समारोह में खिलाड़ियों को तो कैश अवॉर्ड देकर सम्मानित किया जाएगा लेकिन खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों को और इंतजार करना पड़ सकता है। विभाग की ओर से प्रशिक्षकों की कोई सूची अभी तक तैयार नहीं की गई हैं। पता हो कि नियमों के अनुसार पदक विजेता खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देने का प्रावधान है।
पुरस्कार वितरण 29 को, मोमेंटो का टेंडर निकाला 17 अगस्त को
खेल निदेशालय बियाह के वक्त कोंहडा रोपने के लिए कुख्यात है। खेल दिवस 29 अगस्त को ही मनाया जाता है और प्रतिवर्ष खिलाड़ियों और अतिथियों को मोमेंटो भी दिया जाता है। इसके बावजूद 17 अगस्त को मोमेंटो का टेंडर निकाला गया है। 24 अगस्त तक वेंडर टेंडर भर सकते हैं। इसके बाद डिजाइन और टेक्स्ट फाइनल होगा फिर LOI फिर वर्क ऑर्डर दिया जाएगा। फिर मोमेंटो पहुंचेगा। अगर 24 अगस्त तक किसी वेंडर ने रुचि न दिखाई तो क्या होगा ? या सब कुछ पहले से ही तय है इसलिए इतनी देरी से टेंडर निकाला गया है ? सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं, थोड़े इंतजार के बाद ही इन सवालों का जवाब मिल पाएगा।
