आवासीय सेंटर के 15 प्रशिक्षकों को संविदा विस्तार का इंतजार, निदेशालय के अधिकारी टेंडर निपटाने में व्यस्त

| रांची |
झारखंड खेल निदेशालय के अंतर्गत 16 आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत प्रशिक्षक संविदा विस्तार की आस में हैं। अब तक ना तो निदेशालय से ना ही जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय से कोई निर्देश मिला है लेकिन सभी प्रशिक्षक प्रशिक्षण के काम में जुटे हुए हैं। पता हो कि सभी प्रशिक्षकों के संविदा के एक वर्ष की अवधि 9 मार्च 2025 को ही समाप्त हो गई है। कोढ़ में खुजली ये कि संविदा विस्तार की बाट जोहने को मजबूर प्रशिक्षकों को मार्च माह के मानदेय का भी भुगतान भी नहीं हो पाया है। सभी परेशान हैं लेकिन अपनी व्यथा किससे कहें। निदेशालय के अधिकारी SAFF सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता और अन्य टेंडर को निपटाने में अपनी ऊर्जा पिछले चार सप्ताह से लगा रहे हैं। दरअसल कुल 18 प्रशिक्षकों की नियुक्ति का आदेश निकला था, दो प्रशिक्षक ने ज्वाइनिंग ही नहीं कि जबकि एक अन्य प्रशिक्षक ने नियुक्ति को HC में चैलेंज किए जाने की बाद इस्तीफा देना ही उचित समझा।
इन 15 प्रशिक्षकों को है सेवा विस्तार का इंतजार है
सौरभ कुमार, मो इमरान अली (दोनों बैडमिंटन), आशु भाटिया, मनोज कुमार पाल (दोनों एथलेटिक्स), जी सुधीर, तारिणी कुमारी (दोनों हॉकी), प्रकाश राम, रजनी पात्रो, श्वेता पांडे ((तीनों तीरंदाजी), ज्योति गुप्ता, प्रेरणा मिश्रा, संजय कुमार चौधरी, रघुराज रौशन, सुशीला कुमारी और प्रणिता तिर्की (सभी फुटबॉल)