sportsjharkhand.com टीम
रांची
कैप्टन कूल और रांची के राजकुमार महेन्द्र सिंह धौनी का दिल फुटबाॅल, क्रिकेट, हाॅकी के बाद अब कबड्डी पर भी आ गया है। प्रो कबड्डी लीग 6 में धौनी की रांची टीम उतरने को तैयार है। भारतीय कबड्डी संघ और प्रो कबड्डी लीग प्रबंधन से इस संदर्भ में विस्तृत चर्चा कर ली गयी है और भारतीय खेल के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडरों में से एक महेन्द्र सिंह धौनी से जुड़ने को प्रो कबड्डी लीग ने भी हां कर दी है। भारतीय कबड्डी संघ और प्रो कबड्डी लीग के उच्च पदस्थ सूत्रों ने भी कंफर्म कर दिया है कि अगले सत्र में रांची की टीम का खेलना लगभग तय है। पता हो कि अगले सत्र से प्रो कबड्डी लीग में टीमों की संख्या का 12 से बढ़कर 16 होनेवाली है और धौनी की रांची टीम के अलावा नीता अंबानी की एक टीम को नयी टीम के रूप में पर नीतिगत मंजूरी दे दी गयी है, सिर्फ कुछ तकनीकी बाध्यताएं निपटानी शेष हैं।
सचिन की राह पर धौनी
प्रो कबड्डी लीग में पहले से ही तमील तलैवा टीम से सचिन तेंदुलकर जुड़े हैं और इसका सकारात्क प्रभाव प्रो कबड्डी लीग पर दिख रहा है। प्रो कबड्डी लीग के पांचवें सत्र की टीआरपी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बढ़ते टीआरपी के बीच महेन्द्र सिंह धौनी और नीता अंबानी जैसे नामी-गिरामी हस्तियों के आने से प्रो कबड्डी परिवार में चार चांद लग जाएगा ये तय है।
HIL में रांची रेज के सह मालिक हैं धौनी
महेन्द्र सिंह धौनी पहले से ही हाॅकी इंडिया लीग (HIL) की एक टीम रांची रेज के सह मालिक हैं। इसके अलावा अपने दोस्तों के साथ मिलकर धौनी ने दुबई में क्रिकेट अकादमी भी शुरू की है। इसके अलावा रांची में खेल विवि और खेल सामान बनाने वाली फैक्ट्री के लिए भी एमओयू हो चुका है। धौनी का फुटबाॅल, बैडमिंटन व बिलियर्ड्स से प्रेम किसी से छुपा नहीं है। खेलों के प्रति प्रेम की लिस्ट में अब कबड्डी भी जुड़ गया है। धौनी के कबड्डी से जुड़ने पर झारखंड के खिलाड़ियों को भी एक वैश्विक मंच मिलने की संभावना है।
खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के बीच चर्चा का विषय
महेन्द्र सिंह धौनी और नीता अंबानी की टीमों के अगले सत्र में शामिल होने की खबर प्रो कबड्डी लीग की फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। sportsjharkhand.com को एक फ्रेंचाइजी के कोच ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि रांची राॅयल्स के नाम से अगले सत्र में टीम उतरनेवाली है। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता तो है।
मैं यह खबर कंफर्म करने की स्थिति में नहीं हूं, लेकिन एक बात तय है कि महेन्द्र सिंह धौनी जैसा वैश्विक चेहरा अगर कबड्डी से जुड़ रहा है तो यह कबड्डी परिवार के गर्व और हर्ष का विषय है। झारखंड में भी कबड्डी को एक नयी पहचान मिलेगी।
बिपीन सिंह, महासचिव, झारखंड कबड्डी संघ