झारखंड वॉलीबॉल संघ (JVA) का एक प्रतिनिधिमंडल इसी हफ्ते राज्य सरकार के आलाधिकारियों से मिलकर राज्य में खेल गतिविधियां शुरू करने की मांग करेगा। इसका फैसला मंगलवार को JVA की आम सभा के दौरान सर्वसम्मति से किया गया। संघ का प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों को आगाह करेगा की पिछले 9 माह से कोविड के कारण ज्यादातर खिलाड़ी मैदान व स्टेडियमों से बाहर हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव ख़िलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ रहा है। इसलिए जल्द से जल्द ख़िलाड़ियों को प्रशिक्षण शुरू करने का आदेश निर्गत किया जाए। रांची विवि कैम्पस स्थित आरके आनंद गैलरी में आयोजित आम सभा के दौरान पिछले AGM की मिनट्स, आय-व्यय का ब्यौरा को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। कार्यकारी अध्यक्ष संजय सहाय ने संघ के कोष में 50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की जिसका सभी सदस्यों इस्तकबाल किया। अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय ने की जबकि संचालन सचिव शेखर बोस ने किया। बैठक के दौरान कोविड गाइडलाइंस का पालन किया गया। AGM से पहले सभी सदस्यों की थर्मल स्कैंनिंग की गई।
9 पदाधिकारी मनोनीत किए गए
AGM के दौरान बेहतर काम करनेवाले संतोष चौधरी, शकील खान व अरुण कुमार सिंह को एसोसिएट वाईस प्रेसिडेंट तथा जीतेन्द्र वर्मा, अरशद अली, अरुण पांडेय, उपेंद्र सिंह, संतोष भगत व कुमार अभिषेक को एसोसिएट जॉइंट सेक्रेटरी मनोनीत किया गया। AGM में सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, लातेहार, गोड्डा व साहेबगंज जिले में संघ के पुनर्गठन को भी मंजूरी दी गई।
पूर्व खिलाड़ियों के नाम पर बेस्ट प्लेयर अवार्ड्स की घोषणा
JVA ने फैसला लिया है कि सभी पांच वार्षिक प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ महिला व पुरुष खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा 2500 रुपये भी पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे, जो दिवंगत पूर्व खिलाड़ियों के नाम पर होगा।
सीनियर – स्व अचल तिर्की बेस्ट प्लेयर अवार्ड
यूथ – स्व विजय श्रीनिवास बेस्ट प्लेयर अवार्ड
जूनियर : एम राजन बेस्ट प्लेयर अवार्ड
सब जूनियर : के सत्य नारायण बेस्ट प्लेयर अवार्ड
मिनी : स्व सन्नी कुमार बेस्ट प्लेयर अवार्ड
सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन रामगढ़ में
AGM में वार्षिक प्रतियोगिता कराने की जिम्मेवारी भी विभिन्न जिला संघों को दी गई
सीनियर (महिला-पुरुष) : रामगढ़
यूथ (बालक-बालिका) : गोड्डा
जूनियर (बालक-बालिका) : पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा)
सब जूनियर (बालक-बालिका) : लातेहार
मिनी (बालक-बालिका) : चतरा
बीच वॉलीबॉल (बालक) : रांची